देश की खबरें | योगी आदित्यनाथ, केशव मौर्य और मायावती समेत कई नेताओं ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी

लखनऊ, एक जुलाई समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती समेत कई नेताओं ने बधाई दी और उनके दीर्घायु होने की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!’’

योगी के बधाई संदेश पर सपा प्रमुख यादव ने उसी पोस्ट में जवाब देते हुए कहा, “आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद!”

राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘सपा प्रमुख, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!’’

मौर्य ने इसी पोस्ट में यादव के दीर्घायु होने की कामना करते हुए कहा, ‘‘भगवान प्रभु श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और देवों के देव महादेव की कृपा से आपका स्वास्थ्य उत्तम और आप दीर्घायु हों।’’

बसपा प्रमुख मायावती ने ‘एक्स’ पर बधाई संदेश में कहा, “समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में सांसद अखिलेश यादव जी को आज उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई तथा उनके सुखी व दीर्घायु जीवन की भी ढेरों शुभकामनायें।”

इस पोस्ट पर अपने जवाब में यादव ने लिखा, ‘‘आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।’’

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)