एजेंसी न्यूज

क्रिस प्रैट, ब्रायस डलास होवार्ड, नताली पोर्टमैन सहित कई हॉलीवुड हस्तियों ने इरफान खान को किया याद

कैंसर से लड़ाई लड़ रहे 54 वर्षीय अभिनेता का बुधवार को मुम्बई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। खान के पार्थिव शरीर को वर्सोवा के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया था।

क्रिस प्रैट, ब्रायस डलास होवार्ड, नताली पोर्टमैन सहित कई हॉलीवुड हस्तियों ने इरफान खान को किया याद

लॉस एंजिलिस, 30 अप्रैल क्रिस प्रैट, ब्रायस डलास हॉवर्ड, नताली पोर्टमैन सहित हॉलीवुड की कई हस्तियों ने बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान के निधन पर शोक प्रकट किया।

कैंसर से लड़ाई लड़ रहे 54 वर्षीय अभिनेता का बुधवार को मुम्बई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। खान के पार्थिव शरीर को वर्सोवा के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया था।

फिल्म ‘जुरैसिक वर्ल्ड’ में इरफान के साथ काम करने वाले क्रिस पैट ने कहा, ‘‘ बड़े पर्दे के महान कलाकर इरफान के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। इरफान ने ‘जुरैसिक वर्ल्ड’ में मसरानी की भूमिका निभाई थी। वह एक उत्कृष्ट अभिनेता और इंसान थे। उनकी याद आएगी।’’

फिल्म की अदाकारा होवार्ड ने इरफान के साथ तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ‘‘ इरफान, आप बहुत अच्छे महान इंसान थे। आपकी याद आएगी। यह तस्वीरें शूटिंग के पहले दिन और आखिरी दिन की है और मैं सौभाग्यशाली हूं कि आपके साथ समय बिताने का मौका मिला। आपको और आपके परिवार को प्यार।’’

फिल्म के निर्देशक कोलिन ट्रेवोरो ने भी इरफान को याद किया।

उन्होंने लिखा, ‘‘ इरफान खान को खोना दुखद है। एक संवेदनशील शख्स, जो अपने आस-पास हर चीज में खूबसूरती ढूंढ लेते थे, यहां तक की दर्द में भी। ’’

हॉलीवुड अदाकारा नताली पोर्टमैन ने भी इरफान खान को याद किया। दोनों ने ‘न्यूयॉर्क, आई लव यू’ फिल्म में एक साथ काम किया था।

अदाकारा ने इंस्टाग्राम पर इरफान के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘ इरफान के सभी प्रियजनों का मेरा प्यार।’’

फिल्मकार मार्क वेब को याद करते हुए उनकी कला की सराहना की। फिल्म ‘द अमेजिंग स्पाइडर मैन’ में इरफान ने मार्क के निर्देशन में ही काम किया था।

ऑस्कर विजेता फिल्मकार एंग ली ने भी खान को याद करते हुए उन्हें ‘‘ एक महान कलाकार, एक सच्चा इंसान और एक योद्धा ’’ बताया।

दोनों ने 2012 में आई फिल्म ‘लाइफ ऑफ पाई’ में एक साथ काम किया था।

भारतीय मूल की हॉलीवुड अदाकारा मिंडी कलिंग, फ्रांसीसी अभिनेता ओमर साई और वेब सीरिज ‘सूट्स’ के अभिनेता गैब्रील मैक्ट ने भी उनके निधन पर शोक जताया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2020 04:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).