देश की खबरें | अक्षय, विकी कौशल समेत कई कलाकार कोविड-19 से संक्रमित, बॉलीवुड को लगा झटका

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोरोना वायरस महामारी को नियंत्रण में करने के लिए पिछले साल लागू लॉकडाउन से राहत मिलने के बाद धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहे हिंदी फिल्म उद्योग को फिर से धक्का लगा है, क्योंकि आए दिन कई कलाकारों और कर्मियों के संक्रमित होने की पुष्टि के बाद कई फिल्मों की शूटिंग रुक गई है।

मुंबई, पांच अप्रैल कोरोना वायरस महामारी को नियंत्रण में करने के लिए पिछले साल लागू लॉकडाउन से राहत मिलने के बाद धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहे हिंदी फिल्म उद्योग को फिर से धक्का लगा है, क्योंकि आए दिन कई कलाकारों और कर्मियों के संक्रमित होने की पुष्टि के बाद कई फिल्मों की शूटिंग रुक गई है।

अभिनेता अक्षय कुमार, विकी कौशल और भूमि पेडनेकर समेत कई अन्य कलाकार कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।

सोमवार को देश में कोविड-19 के रिकॉर्ड 1,03,558 नए मामले सामने आए और कुल 478 मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,25,89,067 हो गई जबकि मृतकों की संख्या बढ़कर 1,65,101 हो गई।

महाराष्ट्र कोविड-19 से बेहद प्रभावित है और यहां फिलहाल 4,52,445 मरीजों का उपचार चल रहा है। मुंबई स्थित फिल्म उद्योग पिछले साल के लॉकडाउन के बाद सामान्य स्थिति की ओर धीरे-धीरे बढ़ रहा था लेकिन कई कलाकारों के संक्रमित होने और देश की आर्थिक राजधानी में मामलों की संख्या में तेजी से वृद्धि के बाद इसे फिर से झटका लगा है।

अक्षय कुमार लॉकडाउन में राहत मिलने के बाद सबसे पहले शूटिंग शुरू करने वाले कलाकारों में से एक थे लेकिन रविवार को उन्होंने भी संक्रमित होने की घोषणा की। वह लगातार फिल्मों की शूटिंग कर रहे थे और ‘राम सेतु’ फिल्म की शूटिंग शुरू करने के पांच दिन बाद ही वह संक्रमित पाए गए। इस फिल्म की टीम के 45 सदस्य संक्रमित पाए गए हैं।

सोमवार को एक बयान में कुमार ने कहा कि वह एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती हुए हैं। कुमार ने कहा, ‘‘ दुआओं और प्रार्थनाओं के लिए आप सभी का शुक्रिया। ऐसा लगता है कि वे काम आ रही हैं। मैं ठीक हूं लेकिन चिकित्सकीय सलाह के तहत मुझे एहतियाती तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैं उम्मीद करता हूं कि मैं जल्द घर लौट आऊंगा। अपना ध्यान रखें।’’

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) के अध्यक्ष बी एन तिवारी ने कहा कि करीब 100 सदस्यों के साथ टीम पांच अप्रैल से मड आइडलैंड में फिल्म की शूटिंग करनेवाली थी लेकिन अनिवार्य कोविड-19 जांच में 40 जूनियर कलाकार संक्रमित पाए गए।

तिवारी ने पीटीआई- को बताया कि संक्रमण की पुष्टि होने के बाद ये सभी पृथकवास में रह रहे हैं। टीम के सदस्यों में 40 जूनियर कलाकार थे जबकि बाकी अन्य अक्षय कुमार की मेकअप टीम के सदस्य और सहायक थे। अब शूटिंग अनिश्चितकाल के लिए रोक दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now