देश की खबरें | अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे को बुधवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे मनोज सिन्हा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच यहां से अमरनाथ तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को कश्मीर स्थित दो आधार शिविरों के लिए झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
जम्मू, एक जुलाई जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच यहां से अमरनाथ तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को कश्मीर स्थित दो आधार शिविरों के लिए झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
कश्मीर में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए 38 दिवसीय तीर्थयात्रा तीन जुलाई को घाटी से दो रास्तों से शुरू होगी - अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले में छोटा (14 किलोमीटर) लेकिन अधिक खड़ी चढ़ाई वाला बालटाल मार्ग। यात्रा का समापन नौ अगस्त को होगा।
अधिकारियों के अनुसार, इस साल की यात्रा के लिए अब तक 3,31,000 से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्रा के लिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं का मौके पर ही पंजीकरण भी शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो दिनों में करीब 4,000 टोकन बांटे गए हैं।
जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने कहा, ‘‘यात्रा का पहला जत्था कल भगवती नगर स्थित जम्मू आधार शिविर से कश्मीर के लिए रवाना होगा। इसे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा हरी झंडी दिखाएंगे।’’
अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं को भारी सुरक्षा व्यवस्था, यातायात पाबंदियों और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों तक पहुंचाया जाएगा।
एक यातायात अधिकारी ने बताया कि दो जुलाई से नौ अगस्त तक विभिन्न मार्गों पर यातायात पाबंदियां लगायी जाएंगी तथा असुविधा को कम करने के लिए दैनिक परामर्श जारी किए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार, 3,500 से अधिक तीर्थयात्री यहां भगवती नगर यात्री निवास पहुंच चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल ने एक उच्च स्तरीय बैठक में यात्रा के लिए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। वह श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के अध्यक्ष भी हैं।
मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने भी जम्मू में आधार शिविर का दौरा किया और कहा कि शांतिपूर्ण तीर्थयात्रा के लिए सभी व्यवस्थाएं कर दी गई हैं।
जम्मू में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं, जिसमें बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग शामिल है।
जम्मू कश्मीर पुलिस की सुरक्षा शाखा ने भगवती नगर आधार शिविर की जिम्मेदारी संभाली है, जबकि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) आधार शिविर के आसपास सुरक्षा का प्रबंधन कर रहा है।
जम्मू में भगवती नगर यात्री निवास देशभर के तीर्थयात्रियों के लिए प्राथमिक आधार शिविर के रूप में कार्य करता है, इससे पहले कि वे दक्षिण कश्मीर के राजसी हिमालय में स्थित अमरनाथ के गुफा मंदिर की ओर बढ़ें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 07:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

