देश की खबरें | मान बोले-गन्ने के दामों को लेकर जल्द ही शुभ समाचार सुनाया जाएगा, किसानों ने प्रदर्शन खत्म किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गन्ने के दाम में वृद्धि की मांग को लेकर जालंधर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों ने शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस आश्वासन के बाद अपना आंदोलन खत्म कर दिया कि आने वाले दिनों में उन्हें “शुभ समाचार” सुनाया जाएगा।
चंडीगढ़, 24 नवंबर गन्ने के दाम में वृद्धि की मांग को लेकर जालंधर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों ने शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस आश्वासन के बाद अपना आंदोलन खत्म कर दिया कि आने वाले दिनों में उन्हें “शुभ समाचार” सुनाया जाएगा।
किसान यूनियन के नेताओं और मुख्यमंत्री के बीच यहां 90 मिनट से अधिक समय तक चली बैठक सकारात्मक रही और इसके बाद किसानों ने प्रदर्शन समाप्त करने का निर्णय लिया।
किसानों ने चार दिन पहले जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया था। उन्होंने बृहस्पतिवार को रेल पटरी को अवरुद्ध करके अपना आंदोलन तेज कर दिया था, लेकिन जैसे ही पंजाब सरकार ने बैठक की घोषणा की, उन्होंने नाकाबंदी हटा दी ।
किसान राजमार्ग के जालंधर-फगवाड़ा खंड के बीच में धरना दे रहे थे और इससे जालंधर व दिल्ली के बीच यातायात प्रभावित हुआ।
मान और यूनियन नेताओं दोनों ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई।
हालांकि मान ने यह नहीं बताया कि गन्ने के लिए सरकार द्वारा अनुशंसित नयी कीमत क्या होगी।
उन्होंने कहा कि "जहां तक गन्ने के दाम बढ़ाने की बात है, पंजाब हमेशा आगे रहा है।”
मान ने कहा, “आने वाले दिनों में गन्ना किसानों को दाम और इस साल की शुरुआत में बाढ़ के कारण हुए नुकसान के मुआवजे के संबंध में शुभ समाचार मिलेगा।”
मान ने यह भी कहा कि चीनी मिल मालिकों सहित अन्य हितधारकों के साथ शनिवार को बैठक होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, "समाधान ढूंढ लिया गया है, एक-दो दिन में नई घोषणाएं की जाएंगी।"
भारती किसान यूनियन (दोआबा) के नेतृत्व में किसान गन्ने की कीमतें 380 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 450 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे थे। वे गन्ने की पेराई के लिए चीनी मिलों का संचालन फिर से शुरू करने की भी मांग कर रहे थे।
बीकेयू (दोआबा) के नेता मंजीत राय यहां बैठक में भाग लेने वाले किसान यूनियन नेताओं में शामिल थे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा “मुख्यमंत्री ने गन्ने की सर्वोत्तम दर का आश्वासन दिया है।”
राय ने बताया कि मान ने यह भी कहा कि 30 नवंबर तक सभी मिलें चालू हो जाएंगी, बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद किसान अब अपना धरना समाप्त कर देंगे।
एक सवाल के जवाब में राय ने कहा कि मुख्यमंत्री ने संकेत दिया है कि गन्ने की बढ़ी हुई दर 400 रुपये प्रति क्विंटल के करीब होगी।
उन्होंने कहा, ''हमने कहा है कि यह 400 रुपये से अधिक होना चाहिए।''
पड़ोसी राज्य हरियाणा ने इस महीने की शुरुआत में गन्ने की कीमत 372 रुपये प्रति क्विंटल से 14 रुपये बढ़ाकर 386 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की थी।
राय ने संकेत दिया कि गन्ने का बढ़ा हुआ दाम हरियाणा से भी ज्यादा होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 24, 2023 07:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

