देश की खबरें | मान ने लद्दाख हादसे में जान गंवाने वाले पंजाब के दो सैनिकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को उन दो सैनिकों के घर गये और उनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता दी, जिनकी 19 अगस्त को लद्दाख में सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
चंडीगढ़, 27 अगस्त पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को उन दो सैनिकों के घर गये और उनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता दी, जिनकी 19 अगस्त को लद्दाख में सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
पंजाब के नायब सूबेदार रमेश लाल और गनर तरणदीप सिंह उन नौ सैनिकों में शामिल थे, जिनकी लद्दाख के लेह जिले में वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से मौत हो गई थी।
फरीदकोट और फतेहगढ साहिब जिलों में इन दो सैनिकों के पैतृक स्थानों का दौरा करने के बाद मान ने कहा कि नौ पराक्रमी नायकों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करने के लिए अपना कर्तव्य निर्वहन करने के दौरान शहादत दी थी।
उन्होंने कहा, ‘‘ पंजाब के दो सपूतों-- फरीदकोट के सारसिरि गांव के रमेश लाल और बस्सी पठाना के तरणदीप सिंह ने भी शहादत दी।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश और खास तौर पर शोक संतप्त परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है।
इन दोनों परिवारों को चेक सौंपते हुए उन्होंने कहा कि पूरा देश उन सैनिकों के प्रति ऋणी है जिन्होंने देश और उसकी जनता की खातिर अपनी जान कुर्बान कर दी।
मान ने इन दोनों सैनिकों के रिश्तेदारों के लिए अनुकंपा के आधार पर उपयुक्त नौकरियों का भी ऐलान किया।
तरणदीप सिंह के ‘अंतिम अरदास’ में मुख्यमंत्री ने उनकी बहन के लिए नौकरी की घोषणा की। उन्होंने उनके नाम पर एक स्टेडियम बनाने का भी वादा किया।
मान ने रमेश लाल की पत्नी के लिए भी नौकरी और उनके नाम पर गांव में एक स्टेडियम बनाने की घोषणा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)