एजेंसी न्यूज

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पीएम मोदी को चिट्ठी, COVID से जंग के लिए वैक्सीनेशन को बताया महत्वपूर्ण

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश में कोविड-19 के हालात पर प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी को पत्र लिखा और इस बात पर जोर दिया है कि महामारी से मुकाबले के लिए टीकाकरण को बढ़ाना महत्वपूर्ण होगा.

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पीएम मोदी को चिट्ठी, COVID से जंग के लिए वैक्सीनेशन को बताया महत्वपूर्ण
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) ने देश में कोविड-19 (COVID-19) के हालात पर प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी (PM Modi) को पत्र लिखा और इस बात पर जोर दिया है कि महामारी से मुकाबले के लिए टीकाकरण को बढ़ाना महत्वपूर्ण होगा. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि केवल कुल संख्या को नहीं देखना चाहिए बल्कि कितने प्रतिशत आबादी को टीका लग चुका है, इसे देखा जाना चाहिए. Delhi: बीजेपी का अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला, कहा- कोरोना के संकटकाल में सरकार ने खड़े किये हाथ

सिंह ने अपने पत्र में लिखा, ‘‘कोविड-19 के खिलाफ हमारी लड़ाई में टीकाकरण बढ़ाने के प्रयास अहम होने चाहिए. हमें यह देखने में दिलचस्पी नहीं रखनी चाहिए कि कितने लोगों को टीका लग चुका है, बल्कि आबादी के कितने प्रतिशत का टीकाकरण हो चुका है, यह महत्वपूर्ण है.’’

पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में अभी केवल आबादी के छोटे से हिस्से का ही टीकाकरण हुआ है. उन्होंने विश्वास जताया कि सही नीति के साथ हम इस दिशा में बेहतर तरीके से और बहुत तेजी से बढ़ सकते हैं. उन्होंने कहा, ‘‘हमें महामारी से लड़ने के लिए बहुत सी चीजें करनी होंगी, लेकिन इस प्रयास का बड़ा हिस्सा टीकाकरण कार्यक्रम को मजबूत करना होना चाहिए.’’

सिंह ने अपने पत्र में अनेक सुझाव दिये. उन्होंने कहा कि वह सकारात्मक सहयोग की भावना से ये सुझाव दे रहे हैं, जिनमें वह हमेशा से भरोसा करते आये हैं. एक दिन पहले ही कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए जरूरी प्रयासों पर चर्चा हुई थी.

सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार को अगले छह महीने के टीकों की खुराक के ऑर्डर और आपूर्ति के बारे में जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि राज्यों को टीकों की आपूर्ति कैसे की जानी है.

भारत में पिछले कुछ दिन से कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है. पिछले चार दिन से तो रोजाना दो लाख से अधिक संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 18, 2021 04:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).