एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मणिपुर के मशहूर रंगमंच कलाकार का निधन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर के प्रसिद्ध रंगमंच कलाकार और ‘पद्मश्री’ से सम्मानित रतन थियम का मंगलवार देर रात एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | मणिपुर के मशहूर रंगमंच कलाकार का निधन

इंफाल, 23 जुलाई मणिपुर के प्रसिद्ध रंगमंच कलाकार और ‘पद्मश्री’ से सम्मानित रतन थियम का मंगलवार देर रात एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘थियम लंबे समय से बीमार थे। मंगलवार देर रात लगभग डेढ़ बजे क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उनका निधन हो गया।’’

वर्ष 1989 में ‘पद्मश्री’ पुरस्कार से सम्मानित थियम पारंपरिक मणिपुरी कला रूपों को समकालीन कला, नवाचार और काव्यात्मक कथाओं के साथ मिलाकर नए स्वरूप में पेश करने के लिए जाने जाते थे।

इंफाल के ‘कोरस रिपर्टरी थिएटर’ के संस्थापक थियम ने 1987 से 1988 तक नयी दिल्ली स्थित ‘नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा’ के निदेशक के रूप में भी कार्य किया।

मणिपुर सरकार ने थियम के निधन पर शोक व्यक्त किया।

सरकार ने एक बयान में कहा, ‘‘हम ‘पद्मश्री’ पुरस्कार विजेता और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार विजेता रतन थियम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं, जो भारतीय रंगमंच की एक प्रमुख हस्ती और मणिपुर के सांस्कृतिक प्रतीक थे।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘हम कला जगत और राष्ट्र के साथ मिलकर उनकी असाधारण विरासत को याद करते हैं। उनके परिवार, शिष्यों और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदना जताते हैं।’’

पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने भी थियम के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि उनके कार्यों में मणिपुर की आत्मा बसती थी।

सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं गहरे दुख के साथ भारतीय रंगमंच के एक सच्चे प्रकाशपुंज और मणिपुर के एक सम्मानित सपूत रतन थियम के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 23, 2025 11:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).