देश की खबरें | मणिपुर वीडियो: प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को पत्र लिख कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगी मालीवाल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) प्रमुख स्वाति मालीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को पत्र लिखकर जातीय हिंसा के जूझ रहे मणिपुर में कुछ पुरुषों द्वारा दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराने के मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगी।

नयी दिल्ली, 20 जुलाई दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) प्रमुख स्वाति मालीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को पत्र लिखकर जातीय हिंसा के जूझ रहे मणिपुर में कुछ पुरुषों द्वारा दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराने के मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगी।

चार मई का यह वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद से मणिपुर के पहाड़ी क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि विरोधी पक्ष के कुछ व्यक्ति एक समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड करा रहे हैं।

‘इंडिजीनियस ट्राइबल लीडर्स फोरम’ (आईटीएलएफ) के बृहस्पतिवार को प्रस्तावित मार्च से एक दिन पहले यह वीडियो सामने आया है।

मालीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री और मणिपुर के मुख्यमंत्री को आज पत्र लिखकर मणिपुर में हिंसा को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने एवं लड़कियों पर हमला करने वाले वीडियो में दिख रहे पुरुषों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग करूंगी। पत्र में मणिपुर के मुख्यमंत्री से मुझे जीवित बचे लोगों, उनके परिवारों और अन्य लड़कियों एवं महिलाओं से मिलने की अनुमति देने का आग्रह करूंगी।’’

मालीवाल ने ट्वीट में कहा, ‘‘महिलाओं के खिलाफ यौन अपराधों के संबंध में सरकार को एक तथ्यान्वेषी रिपोर्ट सौंपना चाहती हूं ताकि जल्द से जल्द कार्रवाई की जा सके।’’

पुलिस ने बताया कि थाउबल जिले के नोंगपोक सेकमई पुलिस थाने में अज्ञात सशस्त्र बदमाशों के खिलाफ अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

आईटीएलएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह ‘‘घृणित घटना’’ चार मई को कांगपोकपी जिले में हुई है और वीडियो में दिख रहा है कि पुरुष असहाय महिलाओं के साथ लगातार छेड़छाड़ कर रहे हैं और वे (महिलाएं) रो रही हैं और उनसे मिन्नतें कर रही हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\