जरुरी जानकारी | मणिपुर के मुख्यमंत्री ने वित्त आयोग के साथ धन के प्रभावी इस्तेमाल पर की चर्चा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने कहा है कि उन्होंने केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं के जरिये उपलब्ध कराए गए धन के प्रभावी इस्तेमाल पर 16वें वित्त आयोग के साथ शुक्रवार को चर्चा की।

इम्फाल, आठ नवंबर मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने कहा है कि उन्होंने केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं के जरिये उपलब्ध कराए गए धन के प्रभावी इस्तेमाल पर 16वें वित्त आयोग के साथ शुक्रवार को चर्चा की।

वित्त आयोग के दल का नेतृत्व उसके चेयरमैन डॉ. अरविद पनगढ़िया कर रहे हैं।

सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘इस बैठक में आर्थिक बदलाव लाने के लिए केंद्र प्रायोजित योजनाओं के जरिये राज्य को उपलब्ध कराए गए धन के प्रभावी इस्तेमाल, विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए अनुदान के प्रस्तावों तथा विशिष्ट परियोजनाओं के क्रियान्वयन आदि पर चर्चा की गई।’’

मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई बैठक की अध्यक्षता सिंह ने की।

पनगढ़िया ने कहा, ‘‘ बैठक में मुख्य तौर पर चर्चा वित्त पर की गई जिसमें सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के संबंध में व्यय, जीएसडीपी के अनुपात में बकाया देनदारियां, राजकोषीय घाटा आदि विषय शामिल रहे।’’

बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्य, मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

वित्त आयोग के प्रमुख ने कहा, ‘‘ (बैठक में इस बात पर भी चर्चा की गई कि) वित्त की स्थिति कैसी है और अगले कुछ वर्षों में वित्त की स्थिति कैसी रहने की उम्मीद है।’’

पनगढ़िया ने कहा कि आयोग सभी पूर्वोत्तर राज्यों के मामलों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा, जैसा कि पिछले आयोगों द्वारा किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\