देश की खबरें | मांडविया ने दिल्ली में 1500 प्रतिभागियों के साथ योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय युवा मामलों एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शनिवार को राजधानी में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया जब इंदिरा गांधी स्टेडियम में साइकिलिंग वेलोड्रोम में 1500 से अधिक उत्साही लोगों के साथ योगासन किया और अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह तथा जैकी भगनानी को ‘फिट इंडिया आइकन’ घोषित किया।
नयी दिल्ली, 21 जून केंद्रीय युवा मामलों एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शनिवार को राजधानी में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया जब इंदिरा गांधी स्टेडियम में साइकिलिंग वेलोड्रोम में 1500 से अधिक उत्साही लोगों के साथ योगासन किया और अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह तथा जैकी भगनानी को ‘फिट इंडिया आइकन’ घोषित किया।
डॉ. मांडविया आयुष मंत्रालय की राष्ट्रव्यापी योग संगम पहल के तहत आयोजित फिट इंडिया कल्ट योगाथन में ‘माई भारत’ मंच के 400 से अधिक स्वयंसेवकों सहित अन्य प्रतिभागियों के साथ शामिल हुए। इस कार्यक्रम की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ थी।
इस कार्यक्रम में ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी और भारत की पूर्व हॉकी कप्तान रानी रामपाल जैसी खिलाड़ियों के साथ-साथ मशहूर हस्तियां मधुरिमा तुली, रकुलप्रीत और भगनानी भी मौजूद थे।
मांडविया ने कहा, ‘‘मैं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देता हूं। योग हमारी संस्कृति है और इसे हमारे दैनिक जीवन में शामिल किया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘योग दिवस को ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ की थीम के साथ योग संगम के हिस्से के रूप में पूरे देश में मनाया जा रहा है।’’
खेल मंत्री ने कहा, ‘‘फिट इंडिया कल्ट योगाथन के माध्यम से खेल मंत्रालय भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। मैं सभी नागरिकों से स्वस्थ और फिट रहने के लिए नियमित रूप से योग करने का आग्रह करता हूं। योग फिटनेस और स्वस्थ जीवन का मंत्र है।’’
उन्होंने योग सत्र में भाग लेने वाली रकुलप्रीत और भगनानी को ‘फिट इंडिया आइकन’ के रूप में मान्यता दी और उन्हें आधिकारिक प्रमाण पत्र प्रदान किए।
अभिनेता- फिल्म निर्माता भगनानी ने कहा, ‘‘मुझे यह देखकर बहुत खुशी हुई कि हमारे माननीय खेल मंत्री खुद मोटापे और वायु प्रदूषण से लड़ने के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए संडे ऑन साइकिल जैसी पहल का नेतृत्व कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक समय 150 किलो का था और अब मैंने अपना वजन 75 किलो कर लिया है और मुझे हमारे खेल मंत्री द्वारा किए गए काम से बहुत प्रेरणा मिलती है। मैं योगाथन के लिए यहां आकर बहुत खुश हूँ’’
रकुलप्रीत ने कहा कि फिट इंडिया आइकन बनाया जाना ‘बहुत बड़े सम्मान की बात’ है।
रकुलप्रीत ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि मैं और जैकी अधिक से अधिक लोगों को फिटनेस को जीवन का एक तरीका बनाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। योग के लिए किसी फैंसी जिम की आवश्यकता नहीं है, कोई भी इसे अपने घर में आराम से कर सकता है।’’
कल्ट फिट और फिट इंडिया मूवमेंट के सहयोग ने सार्वजनिक-निजी क्षेत्र को एक साथ ला दिया है जहां कल्ट फिट के 100 से अधिक केंद्र 10 लाख सूर्य नमस्कार करने का प्रयास कर रहे हैं।
इस पहल की सराहना करते हुए 2018 एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम की कप्तान रानी ने कहा, ‘‘एक स्वस्थ और तंदुरुस्त राष्ट्र ही एक विकसित भारत का निर्माण कर सकता है, जैसा कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने जो देखा है वह यह है कि हमारे माननीय खेल मंत्री हर हफ्ते अपने व्यस्त कार्यक्रम से फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों के लिए समय निकाल रहे हैं तो हमें नागरिकों के तौर पर भी ऐसा करना चाहिए।’’
गोस्वामी ने कहा, ‘‘पैदल चाल जैसे खेल के लिए 30-35 किलोमीटर की दूरी तक अपने मन को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है। हर किलोमीटर के बाद आपका मन डगमगाता है इसलिए योग महत्वपूर्ण हो जाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं रोजाना ध्यान के माध्यम से अपने मन को नियंत्रित करने की कोशिश करती हूं। मैं युवाओं को बताना चाहती हूं कि हमारी प्राथमिकता शारीरिक गतिविधि करना और स्वस्थ पोषण लेना होना चाहिए, ना कि नशीली दवाओं का सेवन करना, इससे हमारा देश स्वस्थ रहेगा।’’
इस बीच राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने अपने निर्वाचन क्षेत्र जलगांव में ‘योग संगम’ कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
शनिवार को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में योग निद्रा और ध्यान सहित योग के विभिन्न रूपों को प्रदर्शित किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 21, 2025 05:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

