देश की खबरें | दिल्ली में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर कॉलेज छात्रा के साथ दुष्कर्म करने वाला गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के रोहिणी इलाके में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक कॉलेज छात्रा के साथ उसके अपार्टमेंट परिसर में कथित रूप से दुष्कर्म करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 13 जुलाई दिल्ली के रोहिणी इलाके में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक कॉलेज छात्रा के साथ उसके अपार्टमेंट परिसर में कथित रूप से दुष्कर्म करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी रवि सोलंकी को अपराध शाखा की टीम ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि आरोपी ने युवती को निजी वीडियो लीक करने की धमकी देकर कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस के अनुसार रवि सोलंकी ने कथित तौर पर युवती से कहा कि उसके पास युवती और उसके प्रेमी के निजी पलों का एक वीडियो है, जिसे वह युवती के माता-पिता के साथ साझा कर देगा।

उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपी और उसके द्वारा इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल की सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘यह मामला अस्पष्ट था, क्योंकि आरोपी अज्ञात था। पीड़िता द्वारा साझा किए गए विवरण के अनुसार, उसका एक स्केच बनाया गया और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की गई। उसे बृहस्पतिवार को पुलिस की अपराध शाखा की एक टीम ने गिरफ्तार कर लिया। ’’

पुलिस के मुताबिक सात जुलाई की रात करीब 8.45 बजे युवती के एक दोस्त ने उसे उसकी सोसायटी के गेट के बाहर छोड़ दिया। जब वह अपनी इमारत की सीढ़ी पर पहुंची, तो एक अनजान व्यक्ति उसके पीछे आया और उसने खुद को दिल्ली पुलिस का एक अधिकारी बताया और उसे एक पहचान पत्र भी दिखाया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने युवती को धमकी दी कि उसके पास उसके और उसके प्रेमी के बीच अंतरंग पलों की वीडियो रिकॉर्डिंग है और वह इसे उसके माता-पिता को दिखा देगा।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने युवती को धमकी भी दी कि वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। बाद में, उसने युवती को इमारत की छत पर अपने साथ चलने के लिए कहा और वहां उसका यौन उत्पीड़न किया। आरोपी ने युवती को यह भी चेतावनी दी कि अगर उसने घटना के बारे में किसी से बात की तो वह वीडियो वायरल कर देगा।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘युवती पहले तो बहुत डरी हुई थी, लेकिन बाद में किसी तरह उसने साहस दिखाया और इस घटना के बारे में खुलासा किया। युवती की शिकायत के आधार पर रोहिणी जिले में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया। ’’

विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने कहा कि आरोपी अपार्टमेंट बिल्डिंग की सीढ़ी के सीसीटीवी में कैद हो गया। उन्होंने कहा कि आरोपी द्वारा अपनाए गए मार्ग का पता लगाने के लिए रोहिणी इलाके के 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की गई।

विशेष पुलिस आयुक्त के मुताबिक जांच में पता चला कि आरोपी रात करीब नौ बजे सोसायटी में दाखिल हुआ था और वारदात को अंजाम देने के बाद करीब 9.30 बजे सोसायटी से बाहर निकल गया।

उन्होंने कहा, ‘‘ अपराध को अंजाम देने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से रिठाला मेट्रो स्टेशन की ओर भाग गया लेकिन उसके बाद उसका पता नहीं चल सका।’’

पुलिस के अनुसार उसकी अनुमानित शारीरिक बनावट के आधार पर 40 से अधिक व्यक्तियों की जांच की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास 1,000 से अधिक मोटरसाइकिलों की भी जांच की। आखिरकार, गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाया गया और बृहस्पतिवार को रोहिणी सेक्टर-24 में एक मॉल के पास से आरोपी रवि सोलंकी (33)को पकड़ लिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now