देश की खबरें | राजस्थान के कोटा में प्रेम-प्रसंग के संदेह में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

कोटा (राजस्थान), छह अक्टूबर राजस्थान के कोटा शहर में प्रेम-प्रसंग का शक होने पर एक महिला के तीन रिश्तेदारों ने 40 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक बुधवार की रात दशहरा कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे बिट्ठल शर्मा नामक व्यक्ति पर हमला किया गया।

यह घटना बारां सिटी थाना क्षेत्र के अतरू रोड स्थित कुंजविहार कॉलोनी की है।

बारां सिटी थाने के प्रभारी मांगेलाल यादव ने बताया कि तीनों आरोपियों ने ऑटोरिक्शा चालक बिट्ठल शर्मा पर लाठियों और लोहे की छह से हमला किया और फरार हो गए।

मांगेलाल यादव के मुताबिक गंभीर रूप से घायल शर्मा को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मनोज गुप्ता ने इस हमले के लिए बित्तल शर्मा और नजदीक की एक कॉलोनी की एक महिला के बीच प्रेम प्रसंग को जिम्मेदार ठहराया है।

उन्होंने कहा कि सभी आरोपी महिला के रिश्तेदार हैं और उन्होंने शर्मा को पहले धमकी दी थी।

बारां सिटी थाने के प्रभारी मांगेलाल यादव ने आरोपी बूधिप्रकाश, नागेश और भानु के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपी कुंजविहार कॉलोनी के ही रहने वाले हैं।

तीनों आरोपियों में से अब तक किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है।

शर्मा के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे बृहस्पतिवार को परिजनों को सौंप दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)