एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | लड़की से बार-बार बात करने को लेकर व्यक्ति की हत्या

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आपत्ति करने के बावजूद आरोपियों में से एक की बहन से बार-बार बातचीत करने को लेकर 29 वर्षीय विवाहित व्यक्ति की तीन लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी।

देश की खबरें | लड़की से बार-बार बात करने को लेकर व्यक्ति की हत्या

नयी दिल्ली, 18 जनवरी आपत्ति करने के बावजूद आरोपियों में से एक की बहन से बार-बार बातचीत करने को लेकर 29 वर्षीय विवाहित व्यक्ति की तीन लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मृतक की पहचान सलमान के रुप में हुई है। उसका विवाह चार साल पहले हुआ था और उसके परिवार में मां, पत्नी तथा दो बच्चे हैं।

उन्होंने कहा कि सोमवार की रात हुई घटना के सिलसिले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है और तीन अन्य पुरुष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस के अनुसार, त्रिलोकपुरी निवासी सलमान की मां ने मयूर विहार थाने में दी गई शिकायत में कहा है कि उनका बेटा सलमान शादी से पहले पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से बातचीत किया करता था। दोनों परिवारों को उनकी दोस्ती पर एतराज था।

शिकायत के अनुसार, रात करीब 10 बजे लड़की ने सलमान को अपने घर के पास बुलाया और उससे बात करने लगी। इसबीच, लड़की की बहन ने दोनों को देखा और अपने परिवार को बता दिया।

लड़की की बहन ने तत्काल अपने भाई फरदीन ऊर्फ अद्दु को बुलाया, जो दो-तीन लोगों के साथ वहां पहुंचा और सलमान के साथ गाली-गलौच करने लगा।

शिकायत के अनुसार, लड़की की मां ने फरदीन और उसके साथियों को सलमान को सबक सिखाने के लिए उकसाया।

शिकायत के अनुसार, फरदीन ने सलमान पर चाकू से वार किया और जब मृतक की मां ने मदद के लिए आवाज लगायी तो फरदीन और उसके साथ वहां से फरार हो गए।

सलमान को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पूर्वी दिल्ली की पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि मृतक की मां से मिली शिकायत के आधार पर मयूर विहार थाने में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

उन्होंने बताया, ‘‘जांच की जा रही है। दो आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है और तीन पुरुष आरोपियों को भी जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 18, 2022 08:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).