देश की खबरें | दिल्ली में मकान पर सील लगाए जाने के दौरान व्यक्ति ने आत्मदाह किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तरपूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में जब बैंक कर्मी 33 वर्षीय व्यक्ति के मकान पर सील लगाने पहुंचे तो उसने कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह कर लिया।

नयी दिल्ली, 26 फरवरी उत्तरपूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में जब बैंक कर्मी 33 वर्षीय व्यक्ति के मकान पर सील लगाने पहुंचे तो उसने कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह कर लिया।

पुलिस ने रविवार को बताया कि बैंककर्मी अदालत के आदेश पर उसके मकान का कब्जा लेने पहुंचे थे। मृतक की पहचान कपिल कुमार के रूप में की गयी और उसकी रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अदालत कर्मी बैंक अधिकारियों के साथ उत्तरपूर्वी गोकलपुरी पुलिस थाने में पहुंचे और अदालत का आदेश दिखाकर इलाके में एक संपत्ति को कब्जे में लेने के लिए पुलिस सहायता मांगी।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंचने पर संबंधित कर्मियों ने अदालत के निर्देश के अनुसार पुलिस की मौजूदगी में अपना काम शुरू किया। जब मकान पर सील लगाने की प्रक्रिया चल रही थी तो वंशिका कलेक्शंस के मालिक कपिल कुमार ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगा ली।

उसने बैंक से लिया कर्ज नहीं चुकाया था जिसके बाद यह कार्रवाई की गयी थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने कंबल डालकर आग बुझायी और कुमार को जीटीबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया।

उन्होंने बताया कि हालांकि शनिवार देर रात तीन बजकर 40 मिनट पर अस्पताल ने उन्हें बताया कि व्यक्ति की मौत हो गयी। शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने गोकलपुरी पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत एक मामला दर्ज किया है और जांच की जा रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now