देश की खबरें | मालदीव ने भारत को निशाना बनाकर चलाये गये अभियान को खारिज किया, बताया विश्वस्त मित्र

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मालदीव ने सोशल मीडिया के माध्यम से भारत के खिलाफ दुष्प्रचार के प्रयासों को बुधवार को सख्ती से खारिज किया और कहा कि भारत हमेशा मालदीव के लोगों का सच्चा और विश्वस्त मित्र रहेगा।

नयी दिल्ली, 17 नवंबर मालदीव ने सोशल मीडिया के माध्यम से भारत के खिलाफ दुष्प्रचार के प्रयासों को बुधवार को सख्ती से खारिज किया और कहा कि भारत हमेशा मालदीव के लोगों का सच्चा और विश्वस्त मित्र रहेगा।

मालदीव की सरकार ने सभी पक्षों से जिम्मेदारी वाला बर्ताव निभाने और ऐसी किसी गलत सूचना को फैलाने से बचने को कहा जो पड़ोसी देशों के साथ उसके संबंधों को कमजोर कर सकती है।

उसने एक बयान में कहा, ‘‘भारत हमेशा मालदीव का अत्यंत करीबी सहयोगी और विश्वस्त पड़ोसी देश रहा है जो सभी मोर्चों पर मालदीव की जनता को सतत सहयोग देता रहा है।’’

एक अलग घटनाक्रम में भारत के नवनियुक्त उच्चायुक्त मुनु महावर ने मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह को एक समारोह में अपने परिचय-पत्र सौंपे।

समझा जाता है कि मालदीव में मीडिया के एक वर्ग में और सोशल मीडिया पोस्ट में भारत को निशाना बनाने तथा दोनों देशों के बीच संबंधों की आलोचना करने के लिए अभियान चलाया गया।

मालदीव की सरकार ने कहा, ‘‘मालदीव की सरकार मीडिया और सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से दुष्प्रचार करने के प्रयासों को कड़ाई से खारिज करती है जिनमें तथाकथित ‘इंडिया आउट’ नारे का इस्तेमाल किया गया और आरोप लगाया गया कि मालदीव तथा भारत की सरकारों के बीच द्विपक्षीय सहयोग मालदीव की राष्ट्रीय सुरक्षा एवं संप्रभुता को कमजोर करता है।’’

मालदीव के बयान में कहा गया कि सरकार को लगता है कि देश के एक प्रमुख द्विपक्षीय साझेदार के साथ संबंधों को लेकर झूठे आरोप ‘अपुष्ट’ और ‘भ्रामक’ हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now