देश की खबरें | मालदीव का भारत की पड़ोस प्रथम नीति में विशेष स्थान है: मुर्मू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि मालदीव का भारत की पड़ोस प्रथम नीति में विशेष स्थान है तथा दोनों देशों की जनता के बीच सदियों से मजबूत सांस्कृतिक, आर्थिक एवं व्यापारिक संबंध है।

नयी दिल्ली, दो अगस्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि मालदीव का भारत की पड़ोस प्रथम नीति में विशेष स्थान है तथा दोनों देशों की जनता के बीच सदियों से मजबूत सांस्कृतिक, आर्थिक एवं व्यापारिक संबंध है।

राष्ट्रपति भवन में यहां मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह का स्वागत करते हुए मुर्मू ने कहा कि भारत के घनिष्ठ मित्र एवं एक प्रमुख नेता की अगवानी कर उन्हें खुशी हो रही है, जिनके नेतृत्व में मालदीव एक स्थिर एवं समृद्ध राष्ट्र के रूप में उभरा है।

सोलिह सोमवार को चार दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे थे। उन्होंने आज राष्ट्रपति मुर्मू से भेंट की।

मुर्मू ने कहा कि मालदीव हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का बड़ा साझेदार एवं घनिष्ठ मित्र है।

राष्ट्रपति भवन से जारी एक बयान के अनुसार, मुर्मू ने कहा, ‘‘दोनों देशों की जनता के बीच सदियों से मजबूत सांस्कृतिक, आर्थिक एवं व्यापारिक संबंध है। मालदीव का भारत की पड़ोस प्रथम नीति में विशेष स्थान है।’’

उन्होंने कहा कि भारत-मालदीव विकास सहयोग, रक्षा एवं सुरक्षा पहल, आर्थिक संबंध एवं दोनों देशों की जनता के स्तर पर संपर्क मालदीव की सरकार एवं लोगों के साथ भारत के संबंध के लिए शुभ है।

मुर्मू ने कहा कि उन्हें यह कहते हुए खुशी हो रही है कि भारत की वित्त एवं विकास आधारित सहायता मालदीव सरकार की विकास प्राथमिकताओं को सहयोग पहुंचा रही है।

मुर्मू ने कोविड-19 महामारी के दौरान मालदीव की सरकार एवं जनता द्वारा प्रदर्शित साहस एवं दृढ़ता की तारीफ की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\