एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | मलेशिया मास्टर्स: कड़े मुकाबले में सिम यू जिन को हराकर सिंधू क्वार्टर फाइनल में

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने गुरुवार को यहां कड़े मुकाबले में कोरिया की सिम यू जिन को तीन गेम में हराकर मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

खेल की खबरें | मलेशिया मास्टर्स: कड़े मुकाबले में सिम यू जिन को हराकर सिंधू क्वार्टर फाइनल में

कुआलालंपुर, 23 मई दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने गुरुवार को यहां कड़े मुकाबले में कोरिया की सिम यू जिन को तीन गेम में हराकर मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

पूर्व विश्व चैंपियन और दुनिया की 15वें नंबर की खिलाड़ी सिंधू ने कोरिया की दुनिया की 34वें नंबर की खिलाड़ी यू जिन को महिला एकल के दूसरे दौर के मुकाबले में 59 मिनट में 21-13 12-21 21-14 से हराया। यू जिन के खिलाफ सिंधू की यह तीसरी जीत है।

पिछले साल अक्टूबर में लगी घुटने की चोट से उबरने के बाद वापसी करते हुए हैदराबाद की 28 साल की सिंधू शीर्ष फॉर्म हासिल करने में नाकाम रही है।

पांचवीं वरीय सिंधू अगले दौर में शीर्ष वरीय हेन युई से भिड़ेंगी। चीन की इस खिलाड़ी ने पिछले महीने निंग्बो में एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप में सिंधू को हराया था।

पिछला खिताब 2022 में सिंगापुर ओपन में जीतने वाली सिंधू का दुनिया की छठे नंबर की खिलाड़ी के खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा है। भारतीय खिलाड़ी ने हेन युई के खिलाफ छह में से पांच मुकाबले जीते हैं।

सिंधू ने मुकाबले में धीमी शुरुआत की और पहले गेम में 3-7 से पिछड़ गई। भारतीय खिलाड़ी हालांकि वापसी करते हुए ब्रेक तक 11-10 की बढ़त बनाने में सफल रही और फिर लगातार सात अंक के साथ पहला गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। यू जिन ने ब्रेक तक 11-10 की बढ़त बनाई और खेल दोबारा शुरू होने पर 14-10 से आगे हो गईं। कोरिया की खिलाड़ी ने अगले नौ में से सात अंक जीतकर मुकाबले को तीसरे और निर्णायक गेम में खींचा।

निर्णायक गेम में यू जिन ने एक बार फिर अच्छी शुरुआत करते हुए 5-1 की बढ़त बनाई। सिंधू ने स्कोर 6-6 किया और फिर 13-9 की बढ़त बनाई। उन्होंने 16-14 के स्कोर पर लगातार पांच अंक के साथ गेम और मैच अपने नाम किया।

अन्य मुकाबलों में मिश्रित युगल में बी सुमित रेड्डी और एन सिक्की रेड्डी को चेन टैंग जेइ और टोह ई वेई की मलेशिया की शीर्ष वरीय जोड़ी के खिलाफ 9-21 15-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी जबकि सिमरन सिंघी और रितिका ठाकर को पियर्ली टेन और थिनाह मुरलीधरन की मलेशिया की दूसरी वरीय जोड़ी के खिलाफ महिला युगल में 17-21 11-21 से हार का सामना करना पड़ा।

सुधीर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2024 02:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).