देश की खबरें | पंजाब, हरियाणा में बारिश का पानी कम होने पर प्रमुख राजमार्ग यातायात के लिए खोले गए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा और पंजाब में भारी बारिश के बाद जलजमाव के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए अस्थायी रूप से बंद किए गए कुछ प्रमुख राजमार्गों को वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अंबाला, 11 जुलाई हरियाणा और पंजाब में भारी बारिश के बाद जलजमाव के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए अस्थायी रूप से बंद किए गए कुछ प्रमुख राजमार्गों को वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अंबाला पुलिस ने कहा कि 24 घंटे से अधिक समय तक अस्थायी रूप से बंद रहने के बाद मंगलवार दोपहर में चंडीगढ़-अंबाला राजमार्ग को भारी वाहनों व एसयूवी गाड़ियों के लिए खोल दिया गया।

पुलिस ने हल्के वाहनों को अंबाला-बलदेव नगर अंडरपास का उपयोग करने और पंजोखरा साहिब-बरवाला-पंचकूला मार्ग पर जाने की सलाह दी।

पुलिस ने कहा कि अंबाला से होकर गुजरने वाले एनएच-44 जीटी रोड पर बाधित रही सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही मंगलवार को शुरू कर दी गई।

हालांकि, जलभराव के कारण अंबाला-कैथल-हिसार राजमार्ग अब भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है।

अधिकारियों ने बताया कि अंबाला-सहारनपुर रेल खंड पर रेल यातायात बंद कर दिया गया है क्योंकि अंबाला कैंट के घसीटपुर गांव के पास जलभराव के कारण रेल पटरी के नीचे की मिट्टी बह गई थी।

क्षेत्र में भारी बारिश के बाद रेलवे ने सोमवार को कई ट्रेन रद्द कर दी थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now