देश की खबरें | महिला कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे पर प्रदर्शन किया, पुलिस पर धक्कामुक्की का आरोप लगाया

नयी दिल्ली, चार जुलाई कांग्रेस की महिला इकाई की कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महंगाई के मुद्दे पर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय के निकट प्रदर्शन किया और यह आरोप लगाया कि कुछ पुरुष पुलिस अधिकारियों ने उनके साथ धक्कामुक्की की।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने अनुमति के बिना धरना दिया और वहां प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने का भी प्रयास किया।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस द्वारा कथित तौर पर धक्कामुक्की किए जाने का वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस सरकार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने वाले प्रदर्शनकारियों को डराने, धमकाने और प्रताड़ित करने लिए पुलिस मैनुअल में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं को तोड़ने का कोई मौका नहीं छोड़ती है।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘मई में उन्होंने हमारी महिला चैंपियन पहलवानों के साथ जिस तरह का दुर्व्यवहार किया, वो पूरे देश ने देखा। आज उन्होंने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने के लिए पुरुष अधिकारियों को भेजकर सभी प्रोटोकॉल तोड़ दिए, जबकि वे सभी तो सिर्फ शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करने के अपने अधिकारों का प्रयोग कर रही थीं।

कांग्रेस के आरोपों पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘महिला कांग्रेस की सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं ली थी और उन्होंने कुछ प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया तथा पुलिस को कर्तव्य का निर्वहन करने से रोका।’’

अधिकारी ने यह भी कहा, ‘‘मौके पर महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थीं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)