एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | महाराष्ट्र: युवक ने 12 वर्षीय लड़की की चाकू घोंपकर हत्या की, आत्महत्या का प्रयास किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 20 वर्षीय एक युवक ने प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने के कारण 12 वर्षीय लड़की की चाकू घोंपकर हत्या कर दी और कीटाणुनाशक पदार्थ पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | महाराष्ट्र: युवक ने 12 वर्षीय लड़की की चाकू घोंपकर हत्या की, आत्महत्या का प्रयास किया

ठाणे (महाराष्ट्र), 17 अगस्त महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 20 वर्षीय एक युवक ने प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने के कारण 12 वर्षीय लड़की की चाकू घोंपकर हत्या कर दी और कीटाणुनाशक पदार्थ पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी आदित्य कांबले ने बुधवार शाम कल्याण के तीसगांव इलाके में नाबालिग लड़की की मां के सामने ही उसे कई बार चाकू घोंपा। उपचार के दौरान लड़की की मौत हो गई।

पीड़िता के पड़ोसियों के बयानों का हवाला देते हुए अधिकारियों ने बताया कि लड़की की दैनिक गतिविधि के बारे में पता लगाने के लिए कांबले उसकी आवासीय सोसाइटी का कई बार चक्कर लगा चुका था। बुधवार को वह लड़की के ट्यूशन क्लास से लौटने तक वहीं उसका इंतजार कर रहा था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की और उसकी मां जब इमारत पर पहुंची तो कांबले ने उसकी मां को धक्का देकर गिरा दिया और लड़की पर कई बार चाकू से वार किया जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

अधिकारी ने कहा कि कांबले जब मौके से भागने लगा तो स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसने फिनाइल की एक बोतल निकाली और उसे पी लिया। उन्होंने बताया कि कांबले का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने बुधवार रात को कांबले के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया। बाद में बृहस्पतिवार को आईपीसी की धारा 309 (आत्महत्या का प्रयास) के तहत भी प्राथमिकी दर्ज की गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 17, 2023 03:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).