देश की खबरें | महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में तीन इनामी नक्सली गिरफ्तार

गढ़चिरौली, 10 सितंबर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से हत्या, बारूदी सुरंग धमाके और आगजनी के मामलों में शामिल तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर छह लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

इन्हें पकड़ने के लिए पिछले तीन दिनों में दो अभियान चलाए गए। गढ़चिरौली पुलिस की विज्ञप्ति के अनुसार, जनवरी 2022 से अब तक जिले से 70 नक्सलियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जिला पुलिस के विशिष्ट सी-60 दस्ते ने सात सितंबर को पहले अभियान में भामरागढ़ तहसील के अंतर्गत हलवेर के मूल निवासी सरजू उर्फ छोटू बंडू महाका (28) और मधु उर्फ अनु महारू कुमोती (23) को हिरासत में लिया।

महाका 2010 और 2018 के बीच प्रतिबंधित स्थानीय संगठित दस्ते (एलओएस) गट्टा का सदस्य रहा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि वह कई मुठभेड़ों और ‘दो निर्दोष व्यक्तियों’ की हत्या के मामले शामिल रहा था।

कुमोती ने 2015 से दो साल तक एलओएस भामरागढ़ में काम किया और हत्या तथा पुलिसकर्मियों पर हमलों के मामलों में शामिल रहा।

महाका और कुमोती दोनों उस नक्सली समूह का हिस्सा थे, जिसने इस साल फरवरी में विसामुंडी के पास एक पुल का निर्माण कर रहे एक ठेकेदार के वाहनों को जला दिया था। विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रत्येक पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित है।

दूसरे अभियान में नौ सितंबर को सी-60 और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक संयुक्त टीम ने जिले के एक जंगल से मूलरूप से छत्तीसगढ़ के रहने वाले अशोक लाला तलांडी (30) को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि तलांडी एक बारूदी सुरंग धमाके और निर्दोष लोगों की हत्या के मामले में शामिल था और उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)