एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | महाराष्ट्र: 3.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में वन विभाग के तीन कर्मचारी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने नवी मुंबई के वाशी में एक स्थल पर्यवेक्षक से 3.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में तीन वन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | महाराष्ट्र: 3.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में वन विभाग के तीन कर्मचारी गिरफ्तार

ठाणे, 13 अक्टूबर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने नवी मुंबई के वाशी में एक स्थल पर्यवेक्षक से 3.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में तीन वन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें 16 अक्टूबर तक एसीबी की हिरासत में भेज दिया गया है।

एसीबी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि उनकी पहचान वनपाल संजय पवार और वन रक्षक दीपक वर्मा तथा अमित राणे के रूप में हुई है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि तीनों वाशी में उस स्थान पर गए जहां विध्वंस का काम चल रहा था और उन्हें बताया कि जमीन ठाणे क्रीक अभयारण्य तथा पर्यावरण के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र के दायरे में आती है।

एसीबी ने कहा कि वन अधिकारियों ने पर्यवेक्षक को यह कहते हुए नोटिस दिया कि उन्होंने काम के लिए राष्ट्रीय वन्यजीव विभाग और वन विभाग की अनुमति नहीं ली है।

तीनों ने कथित तौर पर तत्काल पांच लाख रुपये और उसके बाद छह महीने तक हर महीने 25,000 रुपये देने की मांग की। एसीबी ने कहा कि बाद में वे शिकायतकर्ता से 3,50,000 रुपये की राशि स्वीकार करने पर सहमत हुए।

एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि शिकायतकर्ता द्वारा एसीबी से संपर्क किये जाने के बाद, मंगलवार शाम को दो वन रक्षकों को शिकायतकर्ता से 3,50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।

बाद में वनपाल पवार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 13, 2021 06:11 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).