देश की खबरें | महाराष्ट्र : ठाणे में इस मानसून सीजन में बुधवार को सबसे ज्यादा बारिश हुई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के ठाणे शहर में बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि में 213.84 मिलीमीटर बारिश हुई।
ठाणे, 20 जुलाई महाराष्ट्र के ठाणे शहर में बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि में 213.84 मिलीमीटर बारिश हुई।
नगर निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 24 घंटे में हुई 213.84 मिलीमीटर बारिश इस मानसून में एक दिन में हुई सर्वाधिक बारिश है।
अधिकारियों ने पहले बताया था कि बुधवार को ठाणे और पालघर जिलों में भारी बारिश हुई, जिससे कई जगहों पर पानी भर गया। ठाणे के निचले इलाकों से 250 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया।
उन्होंने बताया कि ठाणे और समीपवर्ती रायगढ़ में कुछ नदियां उफान पर हैं और बाढ़ जैसी स्थिति हो गयी हैं।
ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि में शहर में हुई बारिश इस मानसून सीजन की एक दिन में हुई सर्वाधिक बारिश है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले 29 और 30 अगस्त 2017 को ठाणे में 314 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। शहर में इस मानसून सीजन में अब तक 1,501.99 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 1,355.22 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
तडवी ने बताया कि दमकल विभाग को बुधवार को पेड़ और पेड़ की शाखाएं गिरने की और शहर के विभिन्न इलाकों में जल-जमाव की कुल 68 शिकायतें मिली हैं। इनमें से 30 शिकायतें पेड़ गिरने की और 13 शिकायतें पेड़ों की शाखाएं गिरने की हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 20, 2023 01:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

