एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | महाराष्ट्र : शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने मुंबई में एक कैंटीन कर्मचारी को थप्पड़ मारा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना के विधायक संजय गायकवाड़ ने बासी भोजन परोसे जाने को लेकर मुंबई में विधायक हॉस्टल के कैंटीन के एक कर्मचारी को कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया।

देश की खबरें | महाराष्ट्र : शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने मुंबई में एक कैंटीन कर्मचारी को थप्पड़ मारा

मुंबई, नौ जुलाई महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना के विधायक संजय गायकवाड़ ने बासी भोजन परोसे जाने को लेकर मुंबई में विधायक हॉस्टल के कैंटीन के एक कर्मचारी को कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया।

मंगलवार रात को हुई इस घटना के बाद बुलढाणा के विधायक गायकवाड़ ने कहा कि उन्हें परोसे गये भोजन की गुणवत्ता खराब थी और वह इस मुद्दे को महाराष्ट्र विधानसभा के मौजूदा मानसून सत्र के दौरान उठाएंगे।

यह घटना ‘आकाशवाणी एमएलए’ हॉस्टल में हुई और इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया है।

वीडियो में विधायक संजय गायकवाड़ कैंटीन संचालक को फटकार लगाते हुए, बिल के भुगतान से इनकार करते हुए और ‘बिलिंग काउंटर’ पर बैठे कर्मचारी को थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहे हैं।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए गायकवाड़ ने एक क्षेत्रीय समाचार चैनल से कहा, ‘‘मैंने दो-तीन बार पहले भी भोजन की खराब गुणवत्ता की शिकायत की थी। लेकिन इस बार तो भोजन बिल्कुल खराब था। मैं यह मुद्दा विधानसभा के मौजूदा सत्र में जरूर उठाऊंगा।’’

सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात को गायकवाड़ ने विधायक हॉस्टल के कैंटीन से खाना मंगवाया था। जब उनके कमरे में दाल और चावल पहुंचा, तो वह बासी और बदबूदार लगा।

उन्होंने बताया कि इससे नाराज होकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के विधायक गायकवाड़ सीधे कैंटीन में पहुंचे और उनकी वहां प्रबंधक से तीखी बहस हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विधायक भोजन की गुणवत्ता को लेकर बेहद गुस्से में थे और उन्होंने वहां मौजूद अन्य लोगों से भी कहा कि वे इस खाने का बिल न चुकाएं। बहस के दौरान उन्होंने कैंटीन संचालक को थप्पड़ भी मार दिया।

गायकवाड़ पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। उन्होंने पिछले साल सितंबर में कहा था कि जो कोई भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आरक्षण प्रणाली को खत्म करने की टिप्पणी के कारण उनकी जुबान काटेगा, वह उसे 11 लाख रुपये का इनाम देंगे।

बुलढाणा पुलिस ने बाद में उनके खिलाफ एक मामला दर्ज किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 10:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).