देश की खबरें | महाराष्ट्र निवासी वायु सेना के पायलट ने फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस की परेड में फ्लाईपास्ट में लिया भाग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. फ्रांस में बैस्टिल दिवस की परेड में पेरिस के आसमान में उड़ान भरने वाले राफेल लड़ाकू विमानों के भारतीय वायु सेना के दल में स्क्वाड्रन लीड सुशील शिंदे भी शामिल थे।
मुंबई, 14 जुलाई फ्रांस में बैस्टिल दिवस की परेड में पेरिस के आसमान में उड़ान भरने वाले राफेल लड़ाकू विमानों के भारतीय वायु सेना के दल में स्क्वाड्रन लीड सुशील शिंदे भी शामिल थे।
फ्रांस की दो दिवसीय यात्रा पर गये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया।
शिंदे पेरिस में राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भर रहे थे, तो 7,000 किलोमीटर से भी अधिक दूर महाराष्ट्र के परभणी जिले में उनके 56 साल के पिता शंकर शिंदे टेलीविजन पर बड़े गौरव के साथ इस फ्लाईपास्ट को देख रहे थे।
राज्य परिवहन निगम के पूर्व कर्मी शंकर शिंदे को अपने 34 वर्षीय बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व हो रहा था।
सुशील का परिवार परभणी जिले के पूर्णा के रहने वाला है। वह सैनिक स्कूल सतारा के पूर्व छात्र हैं और अपने अन्य कई सहपाठियों की तरह ही उन्होंने भी पायलट बनने का सपना देखा था। सुशील की बहन भी भारतीय वायु सेना की अधिकारी हैं।
वायु सेना के एक अधिकारी ने कहा कि सुशील पहली बार फ्रांस नहीं गये हैं और पहले भी कुछ मौकों पर फ्रांस से राफेल लड़ाकू विमानों की आपूर्ति भारत को किये जाने के सिलसिले में इस यूरोपीय देश का दौरा कर चुके हैं।
फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस की परेड में भारत की तीनों सेनाओं की एक टुकड़ी ने भाग लिया। भारतीय वायु सेना के तीन राफेल लड़ाकू विमान फ्रांसीसी विमानों के साथ फ्लाईपास्ट में शामिल रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)