देश की खबरें | महाराष्ट्र : पुलिस को संदेह है कि ‘मानवीय भूल’ के कारण हुई है बुलढाणा दुर्घटना

मुंबई, एक जुलाई महाराष्ट्र पुलिस को संदेह है कि बुलढाणा जिले के समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर हुई बस दुर्घटना ‘मानवीय भूल’ के कारण हुई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

राज्य के बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर एक बस के डिवाइडर से टकराने के बाद उसमें आग लगने से 25 यात्रियों की झुलसकर मौत हो गई।

राजकीय राजमार्ग पुलिस के अधिकारी ने बताया कि चालक के इस दावे के विपरीत कि बस का टायर फटने के बाद वह डिवाइडर से टकरायी, पुलिस का मानना है कि चालक ने झपकी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण खो दिया।

पुलिस के अनुसार, पुणे से नागपुर जा रही बस में कुल 33 लोग सवार थे। दुर्घटना शुक्रवार देर रात लगभग 1.30 बजे हुई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यवतमाल जिले के करांजा में रात के भोजन के लिए रुकने के बाद बस ने मुंबई-नागपुर राजमार्ग पर लगभग ढाई घंटे में लगभग 150 किलोमीटर की दूरी तय की थी। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि बस की गति औसतन 60-70 किलोमीटर प्रति घंटा थी।

उन्होंने कहा, ‘‘वाहन की गति से संभवत: कोई समस्या नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि पहली नजर में यह ‘मानवीय भूल’ लगती है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘संभवत: बस चालक को झपकी आ गयी होगी और बस दाहिनी ओर चली गयी होगी। इससे पहले वह अवरोधक में टकरायी और फिर डिवाइडर से टक्कर हुई।’’

उन्होंने कहा, हालांकि बस चालक का कहना है कि टायर फटने के कारण ऐसा हुआ, लेकिन यह पता करने के लिए जांच जारी है कि यह मानवीय भूल थी या नहीं क्योंकि उस वक्त अंधेरा था। दुर्घटना के बाद बस का डीजल इंजन फटने के कारण उसमें आग लग गई।

इस बीच, अमरावती क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि समृद्धि एक्सप्रेसवे पर टायर फटने से दुर्घटना नहीं हो सकती क्योंकि घटनास्थल पर रबर के टुकड़े या टायर के निशान नहीं मिले।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)