देश की खबरें | महाराष्ट्र: विपक्ष ने राष्ट्रीय नायकों के ‘अपमान’ को लेकर सरकार पर साधा निशाना

नागपुर, 29 दिसंबर महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष ने बृहस्पतिवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी द्वारा राष्ट्रीय नायकों का कथित अपमान करने को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की।

‘अंतिम हफ्ते का प्रस्ताव’ पेश करते हुए विपक्ष के नेता अजित पवार ने कहा कि महाराष्ट्र राष्ट्रीय नायकों को सम्मानित करने के लिए जाना जाता है।

कोश्यारी ने हाल में जब छत्रपति शिवाजी महाराज को पुराने समय का आदर्श बताया था तब उनकी कड़ी आलोचना हुई थी। समाज सुधारक दंपति ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के बारे में टिप्पणी करने को लेकर भी उनकी आलोचना हुई थी।

पवार ने कहा कि यदि सरकार ने अपमानजनक बयानों का संज्ञान लिया होता है तो राष्ट्रीय नायकों का अपमान नहीं हुआ होता।

उन्होंने कोश्यारी का जिक्र करते हुए, ‘‘ जब शीर्षतम संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति नायकों का अपमान करने लगता है तो यह लोगों के लिए अस्वीकार्य हो जाता है। लोगों में गुस्सा है।..’’

उन्होंने दावा किया कि विपक्ष ने कोश्यारी को उनके पद से हटाने की मांग की लेकिन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इन बयानों पर विरोध तक दर्ज नहीं कराया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)