देश की खबरें | महाराष्ट्र : हत्याकांड के आरोपी ने एक और व्यक्ति को जान से मारने की बात कबूली

मुंबई, एक फरवरी इस महीने की शुरुआत में यहां एक ऑटो-रिक्शा चालक की हत्या के मामले में आरोपी 23 वर्षीय व्यक्ति ने पुलिस को बताया है कि उसने पिछले साल एक और व्यक्ति की हत्या की थी और शव को पास के नवी मुंबई में ठिकाने लगा दिया था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

शिवाजी नगर थाने के अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इस साल 12 जनवरी को 23 वर्षीय ऑटो-रिक्शा चालक की गला घोंटकर हत्या करने और शव को मुंबई के कुर्ला इलाके में मीठी नदी में फेंकने के आरोप में, तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें आरोपी भी शामिल था।

उन्होंने कहा कि ऑटो रिक्शा चालक की हत्या मामले में मुख्य आरोपी को पीड़ित पर उसकी पत्नी के साथ संबंध होने का संदेह था इसलिए उसने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर उसकी हत्या करने की साजिश रची थी।

अधिकारी ने कहा कि मुख्य आरोपी का एक सहयोगी यहां गोवंडी इलाके का एक ऑटो-रिक्शा चालक है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि उसने दो अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर पिछले साल अक्टूबर में 24 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी थी और शव को नवी मुंबई में एक कुएं में फेंक दिया था।

उन्होंने कहा कि आरोपी और पीड़ित के बीच पैसे को लेकर विवाद था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी पिस्तौल और दो चाकू बरामद किए हैं।

अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में हत्या का एक नया मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू की गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)