देश की खबरें | महाराष्ट्र के मंत्री मुनगंटीवार ने शरद पवार से समर्थन वाले विधायक प्रस्तुत करने को कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने मंगलवार को शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को अपने समर्थन वाले विधायकों की संख्या प्रदर्शित करने के लिए उन्हें परेड कराने की चुनौती दी।

मुंबई, चार जुलाई महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने मंगलवार को शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को अपने समर्थन वाले विधायकों की संख्या प्रदर्शित करने के लिए उन्हें परेड कराने की चुनौती दी।

अजित पवार रविवार को उपमुख्यमंत्री के रूप में शिवसेना- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में शामिल हुए, जबकि आठ अन्य राकांपा विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा में राकांपा के 53 विधायक हैं। अजित पवार खेमे ने 40 से ज्यादा विधायकों के समर्थन का दावा किया है।

मुनगंटीवार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं उन्हें (शरद पवार नीत राकांपा को) चुनौती देता हूं कि वे उनको समर्थन देने वाले विधायकों की संख्या प्रदर्शित करें। विधायक अजित पवार के साथ हैं। उन्होंने विकास और सच्चाई के साथ चलना चुना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वे (शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा) एक बैठक आयोजित कर सकते हैं और उन विधायकों की परेड करा सकते हैं जो उनका समर्थन कर रहे हैं। उन्हें अपनी ताकत दिखानी चाहिए।’’

शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे और अन्य मंत्रियों (पिछले साल जून में बगावत के बाद) ने दावा किया था कि अजित पवार, वित्त मंत्री (पिछली एमवीए सरकार में) के रूप में, कोष के वितरण में भेदभाव करते थे। यह पूछे जाने पर मुनगंटीवार ने कहा कि टिप्पणियों को ‘तूल’ दिया गया। उन्होंने कहा, ‘‘अब शिंदे मुख्यमंत्री हैं और उनके हस्ताक्षर करने से काम की कोई भी फाइल नहीं रोकी जा सकती।’’

उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार, जिसमें शिवसेना (तब अविभाजित), राकांपा और कांग्रेस शामिल थी, शिंदे के नेतृत्व में बगावत के बाद पिछले साल जून में गिर गई थी। बगावत के कारण शिवसेना में भी विभाजन हुआ। बाद में शिंदे भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बने।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now