मुंबई, तीन मार्च महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भाजपा नीत ‘महायुति’ गठबंधन को विधान परिषद की सभी पांच खाली सीटों पर जीत मिलने की पूरी संभावना है, जिसके लिए उपचुनाव कार्यक्रम सोमवार को घोषित किया गया।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, उपचुनाव 27 मार्च को होने हैं। नवंबर 2024 के विधानसभा चुनावों में पांच एमएलसी (विधान परिषद के सदस्य) की जीत के कारण चुनाव की जरूरत पड़ी है।
विधानसभा चुनाव जीतने वाले एमएलसी में से तीन भाजपा से तथा शिवसेना और राकांपा के एक-एक सदस्य थे। तीनों ही पार्टियां सत्तारूढ़ ‘महायुति’ गठबंधन का हिस्सा हैं। एमएलसी के उपचुनाव 288 सदस्यीय विधानसभा में विधायक कोटे से होने हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 132 विधायक हैं, शिवसेना के 57 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के 41 विधायक हैं, जिससे वे सभी पांच सीटों पर आसानी से जीत हासिल कर सकते हैं।
उपचुनावों के लिए अधिसूचना 10 मार्च को जारी की जाएगी और उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 मार्च है।
नामांकन पत्रों की जांच की अंतिम तिथि 18 मार्च है, जबकि उम्मीदवार 20 मार्च को चुनाव से अपना नाम वापस ले सकते हैं। यदि आवश्यक हुआ तो 27 मार्च को मतदान होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY