देश की खबरें | महाराष्ट्र अस्पताल आग : गिरफ्तार मेडिकल अधिकारी, तीन स्टाफ नर्स 12 नवंबर तक पुलिस हिरासत में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के अस्पताल में लगी आग के सिलसिले में स्थानीय अदालत ने बुधवार को एक महिला मेडिकल अधिकारी और तीन स्टाफ नर्स को 12 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। आग लगने की इस घटना में 11 मरीज मारे गए थे।
पुणे, 10 नवंबर महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के अस्पताल में लगी आग के सिलसिले में स्थानीय अदालत ने बुधवार को एक महिला मेडिकल अधिकारी और तीन स्टाफ नर्स को 12 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। आग लगने की इस घटना में 11 मरीज मारे गए थे।
डॉक्टर विशाखा शिंदे और नर्सों सपना पठारे, अस्मा शेख और चन्ना अनंत को भारतीय दंड संहिता की धाराओं 304 (गैर इरादतन हत्या) और 304 ए (लापरवाही से मौत) के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
अहमदनगर के पुलिस अधीक्षक मनोज पाटिल ने बताया, ‘‘चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें 12 नवंबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।’’
जिला सदर अस्पताल के आईसीयू में छह नवंबर को आग लग गयी थी। घटना में कम से कम 11 मरीजों की मौत हो गई थी।
राज्य सरकार ने अहमदनगर जिले के सिविल सर्जन डॉक्टर सुनील पोखरना, मेडिकल अधिकारियों डॉक्टर सुरेश ढाकने, डॉक्टर विशाखा शिंदे और स्टाफ नर्स सपना पठारे को निलंबित कर दिया है जबकि सर्विस नर्सों अस्मा शेख और चन्ना अनंत को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
अधिकारी ने पहले बताया था कि छह नवंबर को डॉक्टर शिंदे ड्यूटी पर थीं लेकिन वह समय पर घटना की जानकारी देने में असफल रहीं।
पाटिल ने पहले बताया था कि जांच में सामने आया है कि आग लगने के वक्त तीन स्टाफ नर्सें आईसीयू के बाहर थीं। उन्होंने बताया कि तीनों को आईसीयू से बाहर जाने की अनुमति नहीं थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)