देश की खबरें | कोविड-19 से निपटने को लेकर महाराष्ट्र सरकार 'भगवान भरोसे' है : रूपाणी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने आरोप लगाया कि कोविड-19 से निपटने को लेकर महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार 'भगवान भरोसे' है।
लिंबडी (गुजरात), 28 अक्टूबर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने आरोप लगाया कि कोविड-19 से निपटने को लेकर महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार 'भगवान भरोसे' है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में कोविड-19 मरीजों के उपचार के लिए अस्पतालों में बिस्तर के भी प्रबंध नहीं थे और इस घातक वायरस से जान गंवाने वालों के शव लावारिस की तरह फुटपाथ पर पड़े थे।
कांग्रेस पार्टी महाराष्ट्र की महा विकास आघाड़ी सरकार का हिस्सा है, जिसमें शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी भी शामिल है।
सुरेंद्र जिले के लिंबडी में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए रूपाणी ने कहा कि महामारी को काबू में करने में कांग्रेस के गठबंधन वाली महाराष्ट्र सरकार के मुकाबले उनकी सरकार ने बेहतर काम किया। इस सीट समेत गुजरात की सात अन्य विधानसभा सीटों पर तीन नवंबर को मतदान होगा।
लिंबडी सीट से भाजपा उम्मीदवार किरीट सिंह राणा के लिए प्रचार करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, '' कोरोना वायरस महामारी के दौरान हमने काफी बेहतर तरीके से काम किया। पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार है, जहां संक्रमण से 45,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। वहां अस्पतालों में बिस्तरों का कोई प्रबंध नहीं है। लोग फुटपाथों पर भटक रहे हैं और कोविड-19 से जान गंवाने वालों के शव वहां फुटपाथ पर पड़े हैं।''
उन्होंने कहा, '' गुजरात में हमारे पास अतिरिक्त बिस्तर उपलब्ध हैं और यहां बिस्तरों की कोई कमी नहीं है। हमने ठीक होने की दर 90 फीसदी तक प्राप्त करने में सफलता पाई है जबकि मृत्यु दर 2.25 फीसदी है, जोकि आगे और भी कम हो रही है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)