देश की खबरें | महाराष्ट्र सरकार ने बाढ़ के कारण मकानों को हुए नुकसान के लिए वित्तीय सहायता राशि बढ़ाई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने सोमवार को कहा कि बाढ़ के कारण जिन लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा है, उनके लिए वित्तीय सहायता राशि पांच हजार रुपये से बढ़ाकर दस हजार रुपये कर दी गयी है।
मुंबई, 24 जुलाई महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने सोमवार को कहा कि बाढ़ के कारण जिन लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा है, उनके लिए वित्तीय सहायता राशि पांच हजार रुपये से बढ़ाकर दस हजार रुपये कर दी गयी है।
एकनाथ शिंदे सरकार में वित्त विभाग का प्रभार संभाल रहे पवार ने राज्य विधानसभा में यह घोषणा की।
उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र सरकार ने उन परिवारों के लिए वित्तीय सहायता राशि दोगुनी कर दी है जिनके मकानों को बाढ़ से नुकसान पहुंचा है। नियमानुसार प्रति परिवार यह राशि पांच हजार रुपये थी।’’
पवार ने कहा कि सरकार ऐसे समय में दुकानदारों को भी विशेष सहायता देगी भले ही वे किसी सरकारी योजना के तहत ऐसी सहायता के पात्र हों या नहीं।
पवार ने सदन को बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने 2022 के मानसून में अपनी फसल का नुकसान उठा चुके किसानों के लिए 8,677 करोड़ रुपये तथा इस साल मार्च-अप्रैल में बेमौसम बारिश से प्रभावित हुए किसानों के लिए 513 करोड़ रुपये मंजूर किये हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उन किसानों को 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देगी जिनकी फसल इस साल मूसलाधार बारिश से नष्ट हो गयी।
उन्होंने कहा कि जो लोग बाढ़ में डूब गये, उनके परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)