देश की खबरें | महाराष्ट्र : गढ़चिरौली जिले के जंगलों से चार नक्सली गिरफ्तार

गढ़चिरौली (महाराष्ट्र), 21 अप्रैल महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया जिन पर 18 लाख रूपये का इनाम घोषित था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि खुफिया सूचना के आधार पर गढ़चिरौली के विशेष अभियान दस्ते (सी-60) ने नेलगुंडा के जंगलों में नक्सल-विरोधी अभियान शुरू किया।

विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस ने बापू उर्फ रामजी दोघे वाड्डे (30), मारोटी उर्फ अंतुराम उर्फ मानिक साधु गवाडे (34), सुमन उर्फ जन्नी कोमाटी कुद्यामी (24) और अजीत उर्फ भारत मैनू हिचामी को पकड़ा। वाड्डे नेलगुंडा का, गवाड़े धनोरा के कनेली का, कुद्यामी भामरागाड के पडपटनपल्ली का और हिचामी गढ़चिरौली के इटापल्ली के जारेवाडा का रहने वाला है।

पुलिस का कहना है कि वाड्डे कंपनी नंबर दस में क्षेत्रीय समिति के सदस्य के रूप में काम कर रहा था और उसने 2020 में कोटी गांव में पुलिसकर्मी दुष्यंत पंढारी नंदेश्वर की नृशंस हत्या में भाग लिया था। वाड्डे 13 अपराधों (सात हत्याओं, तीन मुठभेड़ों, एक आगजनी एवं और दो लूटपाट) में शामिल था।

बयान के अनुसार गवाडे और हिचामी इस साल दो नागरिकों की नृशंस हत्या में शामिल थे।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किये गये नक्सलियों के ऊपर 18 लाख रूपये का इनाम घोषित था। पुलिस अन्य अपराधों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)