देश की खबरें | महाराष्ट्र: गांव तक सड़क न होने के कारण गर्भवती महिला को डोली में लेकर जाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया, दौरा पड़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के ठाणे जिले के शाहपुर के एक गांव में सड़क न होने के कारण एक गर्भवती महिला को ‘डोली’ (पालकी) में ले जाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाना पड़ा।
ठाणे, 23 जून महाराष्ट्र के ठाणे जिले के शाहपुर के एक गांव में सड़क न होने के कारण एक गर्भवती महिला को ‘डोली’ (पालकी) में ले जाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाना पड़ा।
यह मामला देश की वित्तीय राजधानी मुंबई से महज 100 किलोमीटर दूर ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे की गंभीर खामियों को उजागर करता है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित हुआ, जिसमें 21 वर्षीय संगीता रविन्द्र मुकणे को उसके पैतृक गांव चाफेवाड़ी से सोमवार अपराह्न डेढ़ बजे ‘डोली’ में बैठाकर एक किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित मुख्य सड़क गैडांड रोड पर खड़ी एम्बुलेंस तक ले जाया जा रहा था।
स्थानीय कार्यकर्ता प्रकाश खोडका ने कहा, ‘‘उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई, इसलिए उसे तत्काल चिकित्सा की आवश्यकता थी। उसे डोली में ले जाना पड़ा क्योंकि चाफेवाड़ी तक कोई सड़क नहीं है, इसलिए एम्बुलेंस को गैडांड रोड पर इंतजार करना पड़ता है। हम 2025 में हैं लेकिन बड़े शहरी केंद्रों के इतने करीब के इलाकों की स्थिति तब भी यही है।’’
खोडका ने कहा, ‘‘बार-बार अपील के बावजूद नादगांव ग्राम पंचायत ने सड़क निर्माण के लिए कुछ नहीं किया है। चाफेवाड़ी भी नादगांव ग्राम पंचायत का हिस्सा है। देरी के कारण एम्बुलेंस पहुंचने से पहले ही उसे दौरा पड़ गया, जिसके बाद उसे ठाणे सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत स्थिर बताई है।’’
उन्होंने बताया कि सड़क न होने के कारण उसकी जान को खतरा हो सकता था।
नादगांव ग्राम पंचायत और जिला प्रशासन के अधिकारियों से टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2025 08:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

