देश की खबरें | महाराष्ट्र: चिकित्सकों के संगठन ने दो जनवरी से हड़ताल पर जाने की धमकी दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र स्टेट एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (एमएआरडी) ने रिक्त पदों को भरने और 2018 से लंबित बकाया राशि का भुगतान नहीं किए जाने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
मुंबई, 27 दिसंबर महाराष्ट्र स्टेट एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (एमएआरडी) ने रिक्त पदों को भरने और 2018 से लंबित बकाया राशि का भुगतान नहीं किए जाने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन को सोमवार को लिखे पत्र में एमएआरडी के अध्यक्ष डॉ. अविनाश दहिफले ने सीनियर रेजिडेंट चिकित्सकों के 1,432 पद सृजित करने और 16 अक्टूबर 2018 से लंबित महंगाई भत्ते के भुगतान की मांग की है।
पत्र में कहा गया है, ‘‘ सीनियर रेजिडेंट चिकित्सकों के 1,432 पद सृजित करना हमारी पहली मांग है। अगर इसका प्रस्ताव राज्य सरकार के पास अब भी लंबित है, तो सरकारी कॉलेज से उत्तीर्ण रेजिडेंट चिकित्सकों के लिए अनुबंध की नीति क्यों बनाई गई?’’
पत्र में एमएआरडी ने 16 अक्टूबर 2018 से लंबित मंहगाई भत्ते के भुगतान की मांग भी की।
पत्र में कहा गया, ‘‘ राज्य में सीनियर रेजिडेंट चिकित्सकों के वेतन में समानता नहीं है। राज्य को इसमें हस्तक्षेप करना चाहिए और वेतन में समानता लानी चाहिए।’’
एमएआरडी ने दावा किया कि अधिकतर मेडिकल कॉलेज में एसोसिएट तथा असिस्टेंट प्रोफेसर के पद खाली हैं और छात्रों पर इसका प्रभाव नहीं पड़े, यह सुनिश्चित करने के लिए रिक्त पदों को भरने की जरूरत है।
एमएआरडी ने चेतावनी दी, ‘‘ अगर नागपुर में चल रहे शीतकालीन सत्र में कोई ठोस फैसला नहीं किया गया तो एमएआरडी के सदस्य दो जनवरी से हड़ताल पर चले जाएंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)