ताजा खबरें | महाराष्ट्र : देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में मतदान किया
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए नागपुर में अपना वोट डाला।
नागपुर, 19 अप्रैल महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए नागपुर में अपना वोट डाला।
देवेंद्र फडणवीस पूर्वाह्न 10 बजे के बाद अपनी पत्नी अमृता और मां सरिता फडणवीस के साथ यहां धरमपेठ हिंदी हाई स्कूल मतदान केंद्र पहुंचे।
नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कांग्रेस प्रत्याशी विकास ठाकरे के बीच सीधा मुकाबला है। नागपुर में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मुख्यालय है। इस हाई-प्रोफाइल सीट पर 22,18,259 मतदाता हैं जिनमें से 11,10,840 पुरुष, 11,07,197 महिलाएं और 222 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।
फडणवीस ने मतदान करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि देश में लोकतंत्र का पर्व शुरू हो गया है। उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों से मताधिकार का उपयोग करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरी मां, पत्नी और मैंने वोट डाला है।’’
पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने भी इसी मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला और लोगों से संविधान द्वारा दिए गए मतदान के अधिकार का उपयोग करने की अपील की।
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत महाराष्ट्र की पांच लोकसभा सीट के लिए शुक्रवार को सुबह से जारी मतदान के दौरान 95 लाख से अधिक मतदाता मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।
पहले चरण के तहत राज्य के नागपुर, रामटेक (अनुसूचित जाति), भंडारा-गोंदिया, चंद्रपुर और नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली-चिमूर (अनुसूचित जनजाति) निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान हो रहा है और इन सीट पर गडकरी सहित कुल 97 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)