देश की खबरें | केंद्र सरकार की ‘विफलता’ को उजागर करने के लिए जन संवाद यात्रा आयोजित करेगी महाराष्ट्र कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा नीत सरकार की "विफलताओं" को उजागर करने के लिए तीन सितंबर से 12 सितंबर तक 'जन संवाद यात्रा' आयोजित करने की अपनी योजना की शनिवार को घोषणा की।
मुंबई, 26 अगस्त महाराष्ट्र कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा नीत सरकार की "विफलताओं" को उजागर करने के लिए तीन सितंबर से 12 सितंबर तक 'जन संवाद यात्रा' आयोजित करने की अपनी योजना की शनिवार को घोषणा की।
कांग्रेस विपक्षी दलों के गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया) की 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में बैठक के बाद कार्यक्रम की शुरुआत करेगी। अगले साल के आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने के लिए ‘इंडिया’ का गठन किया गया है।
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के नेता ‘‘(भाजपा) सरकार की विफलताओं को उजागर करने और विपक्षी गठबंधन का संदेश फैलाने" के लिए सभी क्षेत्रों में तालुका, गांव और शहर स्तर पर दौरे करेंगे।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण और अशोक चव्हाण क्रमशः पश्चिमी महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 'यात्रा' का नेतृत्व करेंगे।
कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट उत्तर महाराष्ट्र में नेतृत्व संभालेंगे, जबकि पश्चिम विदर्भ में विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार नेतृत्व करेंगे। पटोले स्वयं पूर्वी विदर्भ में जनसंवाद यात्रा का नेतृत्व करेंगे।
कार्यक्रम के हिस्से के रूप में, प्रदेश कांग्रेस के सभी नेता दो दिनों के लिए तटीय कोंकण क्षेत्र का दौरा करेंगे।
पटोले ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर संविधान को कमजोर करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘देश में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। सत्ता की राजनीति स्वार्थी हितों के लिए है, (प्रतिद्वंद्वियों के बीच) भय उत्पन्न करने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। हम इन मुद्दों पर सरकार को बेनकाब करेंगे।’’
थोराट ने कहा कि टैंकरों से पानी और मवेशियों के चारे की आपूर्ति के मुद्दे अभी तक हल नहीं हुए हैं, जबकि ग्रामीण महाराष्ट्र सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगस्त समाप्त हो रहा है, लेकिन बारिश नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया, ''इसके बावजूद राज्य सरकार उदासीन है।''
थोराट ने प्याज को लेकर भी केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने कहा कि 2,410 रुपये प्रति क्विंटल की दर से दो लाख टन प्याज खरीदा जाएगा, लेकिन यह बहुत कम है। साथ ही, खरीद शर्तों पर की जा रही है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर स्थानीय निकाय चुनावों में देरी कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे अगले साल के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ गठबंधन की संभावनाओं को प्रभावित ना करें।
महाराष्ट्र में जून 2022 से एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और भाजपा की सरकार है। अजित पवार के नेतृत्व में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का एक धड़ा जुलाई में सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल हो गया था। तब अजित पवार को भाजपा के देवेन्द्र फडणवीस के साथ उपमुख्यमंत्री बनाया गया था।
चव्हाण ने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने पिछले डेढ़ साल में, मराठा आरक्षण बहाल करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। जब तक केंद्र आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा हटाने के लिए संवैधानिक संशोधन नहीं लाता, मराठा आरक्षण बहाल नहीं किया जा सकता है।’’
चव्हाण ने कहा कि महा विकास आघाड़ी‘इंडिया’ समूह की बैठक की मेजबानी के लिए तैयारी कर रहा है जिसमें 26 से अधिक विपक्षी दल भाग लेंगे। महा विकास आघाड़ी में कांग्रेस और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल है।
चव्हाण ने कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी इंडिया की बैठक में भाग लेंगे, जबकि सोनिया गांधी के भी इसमें भाग लेने की उम्मीद है। राहुल गांधी एक सितंबर की शाम को मध्य मुंबई में कांग्रेस कार्यालय आएंगे। प्रदेश कांग्रेस द्वारा उनका अभिनंदन किया जाएगा।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘इंडिया’ बैठक के एजेंडे को राष्ट्रीय स्तर पर अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन की आगे की राह पर चर्चा होने की संभावना है।
उन्होंने कहा, ‘‘31 अगस्त को एक अनौपचारिक बैठक होगी और उसके बाद एक सितंबर को ‘इंडिया’ की औपचारिक बैठक होगी। गठबंधन के ‘लोगो’ का अनावरण 31 अगस्त को किया जाएगा।’’
एमवीए ने मुंबई में ‘इंडिया’ बैठक के विभिन्न पहलुओं की योजना बनाने के लिए कई समितियों का गठन किया है। सूत्रों ने शुक्रवार को कहा कि समितियों में तीनों पार्टियों के दो-दो नेता शामिल हैं तथा ये मीडिया, सोशल मीडिया, आवास, परिवहन समेत अन्य चीजों का ध्यान रखेंगी।
कांग्रेस मीडिया और प्रचार का काम संभालेगी, जबकि राकांपा परिवहन का काम संभालेगी।
उन्होंने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) आवास की देखभाल करेगी, ग्रैंड हयात होटल में 200 से अधिक कमरे बुक किए गए हैं, जो दो दिवसीय बैठक का स्थल होगा।
‘इंडिया’ समूह की पहली बैठक जून में पटना में हुई थी, जबकि दूसरी बैठक जुलाई के मध्य में बेंगलुरु में हुई थी। बेंगलुरु बैठक में समूह के नाम इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया) नाम को अंतिम रूप दिया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 26, 2023 07:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

