देश की खबरें | महाराष्ट्र: कांग्रेस के मंत्रियों ने देशमुख विवाद पर एआईसीसी सचिव से चर्चा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महा विकास आघाड़ी सरकार में कांग्रेस के मंत्रियों ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर प्रदेश के लिये अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रभारी एच के पाटिल से चर्चा की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

मुंबई, दो अप्रैल महा विकास आघाड़ी सरकार में कांग्रेस के मंत्रियों ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर प्रदेश के लिये अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रभारी एच के पाटिल से चर्चा की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने कहा कि बैठक के दौरान शिवसेना नेता संजय राउत द्वारा बार-बार की गई उस टिप्पणी पर भी चर्चा हुई कि रांकापा प्रमुख शरद पवार को संप्रग अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालनी चाहिए।

सूत्रों ने कहा कि एआईसीसी सचिव पाटिल के साथ मुंबई में हुई बैठक राज्य की सियासी स्थिति पर चर्चा के लिये थी।

कांग्रेस के एक नेता ने कहा, “उन्होंने इस बारे में चर्चा की कि कैसे राकांपा नेता देशमुख पर लगे आरोपों से सरकार की छवि धूमिल की जा रही है और हमारी पार्टी अनावश्यक रूप से इससे बदनाम हो रही है।”

मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने पिछले महीने आरोप लगाया था कि देशमुख ने पुलिस अधिकारियों से बार व होटलों से 100 करोड़ रुपये की रकम हर महीने वसूलने को कहा था। देशमुख ने हालांकि इन आरोपों से इनकार किया था।

नेता ने कहा, “बैठक में नजरिया यही था कि राकांपा देशमुख के मामले को बेहतर तरीके से संभाल सकती थी।”

कांग्रेस के मंत्रियों ने शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत द्वारा बार बार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को हटाकर शरद पवार को संप्रग अध्यक्ष बनाए जाने की मांग को लेकर भी शिकायत की।

सूत्रों ने कहा कि बैठक में यह मामला भी सामने आया कि कांग्रेस के मंत्रियों के क्षेत्र में विकास निधि समय पर जारी नहीं की जा रही है।

शिवसेना के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में कांग्रेस के 12 मंत्री हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now