देश की खबरें | महाराष्ट्र : भाजपा ने अंधेरी पूर्व विस सीट पर उपचुनाव के लिए मुरजी पटेल को प्रत्याशी बनाया

मुंबई, 14 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन नवंबर को अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए मुरजी पटेल को प्रत्याशी बनाया है।

वह भाजपा और शिवसेना के महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाले धड़े के संयुक्त प्रत्याशी हैं।

पटेल ने नामांकन भरने के अंतिम दिन शुक्रवार को नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं। उन्होंने यहां कहा, ‘‘मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं और जो पार्टी कहती है वह करता हूं।’’

उनके साथ भाजपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष आशीष शेलार, विधायक नितेश राणे तथा मंत्री एवं शिवसेना के शिंदे धड़े के प्रवक्ता दीपक केसरकर भी मौजूद रहे।

केसरकर ने बृहस्पतिवार को कहा था कि भाजपा और मुख्यमंत्री शिंदे की अगुवाई वाली ‘बालासाहेबंची शिवसेना’ विधानसभा उपचुनाव के लिए संयुक्त प्रत्याशी खड़ा करेगी।

शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट से ऋतुजा लटके नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। उनके पति तथा निवर्तमान विधायक रमेश लटके के निधन से इस सीट पर उपचुनाव कराना पड़ रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)