देश की खबरें | महाराष्ट्र: औरंगाबाद में विकास कार्यों को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात की

औरंगाबाद (महाराष्ट्र), चार फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के औरंगाबाद के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें दावा किया गया है कि राज्य सरकार विकास योजनाओं को शहर में लागू नहीं कर रही है।

भाजपा के प्रदेश महासचिव अतुल सावे, राज्य विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष हरिभाऊ बागड़े और कुछ स्थानीय नेताओं ने बृहस्पतिवार को औरंगाबाद में कोश्यारी से मुलाकात की।

भाजपा ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि पिछली सरकार ने शहर में पानी की ‘पाइपलाइन योजना’ के लिए 1,680 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी, लेकिन वर्तमान महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार ने काम के लिए कोई धनराशि जारी नहीं की । इसमें दावा किया गया कि केन्द्र सरकार की योजनाओं को भी शहर में उचित तरीके से लागू नहीं किया जा रहा है।

पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए मितिमिता में आवंटित भूमि भी ‘सफारी पार्क परियोजना’ के लिए दे दी गई और कोई वैकल्पिक भूखंड प्रदान नहीं किया गया।

भाजपा ने राज्यपाल से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इन विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

इस बीच, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी राज्यपाल से मुलाकात की और उनसे कहा कि राज्य सरकार राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम में बदलाव कर रही है और शिक्षा प्रणाली में राजनीतिक हस्तक्षेप किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)