देश की खबरें | महाराष्ट्र : रायगढ़ जिला योजना एवं विकास समिति की बैठक में शामिल नहीं हुए भरत गोगावले

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र सरकार में मंत्री भरत गोगावले मंगलवार को रायगढ़ जिला योजना एवं विकास समिति (डीपीडीसी) की वार्षिक बैठक में शामिल नहीं हुए।

मुंबई, 11 फरवरी महाराष्ट्र सरकार में मंत्री भरत गोगावले मंगलवार को रायगढ़ जिला योजना एवं विकास समिति (डीपीडीसी) की वार्षिक बैठक में शामिल नहीं हुए।

इस ताजा घटनाक्रम से महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति में घटक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और शिवसेना के बीच रायगढ़ के प्रभारी मंत्री के पद को लेकर तकरार फिर सामने आई है।

शिवसेना के दो स्थानीय विधायकों ने बैठक में आमंत्रित नहीं किये जाने पर विरोध जताया है।

इससे पहले राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री, राकांपा की अदिति तटकरे को रायगढ़ का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया था, लेकिन शिवसेना के गोगावले के भी इस पद के लिए इच्छुक होने के कारण निर्णय रोक दिया गया। रायगढ़ दोनों नेताओं का गृह जिला है।

रायगढ़ जिला योजना एवं विकास समिति (डीपीडीसी) की वार्षिक बैठक उपमुख्यमंत्री एवं राकांपा प्रमुख अजित पवार के ‘मंत्रालय’ स्थित कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित की गयी। इस बैठक में अदिति तटकरे और कुछ सरकारी अधिकारी भी शामिल हुए।

लेकिन, रोजगार गारंटी योजना मंत्री गोगावले इसमें शामिल नहीं हुए।

बैठक में शिवसेना के स्थानीय विधायक महेंद्र दलवी और महेंद्र थोरवे भी शामिल नहीं हुए।

महेंद्र दलवी ने कहा, ‘‘हमें कोई आधिकारिक निमंत्रण नहीं भेजा गया। अगर यह रायगढ़ के विकास को लेकर कोई आधिकारिक बैठक थी तो जिलाधिकारी को सभी विधायकों को आमंत्रित करना चाहिए था। हमें इसमें शामिल होने के लिए ऑनलाइन लिंक भी नहीं दिया गया। ’’

लेकिन अजित पवार के कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि चूंकि नासिक और रायगढ़ जिलों में वर्तमान में कोई प्रभारी मंत्री नहीं हैं, इसलिए केवल इन जिलों के मंत्रियों को ही आमंत्रित किया गया।

उन्होंने कहा कि यह बजट पूर्व बैठक थी और इसलिए वित्त मंत्री पवार के कार्यालय में आयोजित की गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें