देश की खबरें | महाराष्ट्र: वर्ष 2025 के पहले पांच महीनों में बच्चों के खिलाफ अपराध के 10,662 मामले दर्ज: फडणवीस

मुंबई, आठ जुलाई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को राज्य विधानसभा को बताया कि वर्ष 2025 के शुरुआती पांच महीनों में बच्चों के खिलाफ अपराध के 10,662 मामले दर्ज किए गए।

गृह विभाग का प्रभार संभालने वाले फडणवीस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक काशीनाथ दाते और अन्य के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी साझा की। इसमें बच्चों, खासकर लड़कियों के खिलाफ अपराधों के बारे में चिंता जताई गई थी।

उन्होंने कहा कि इस साल जनवरी से मई तक राज्य में बच्चों के खिलाफ अपराध के 10,662 मामले सामने आए। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 तक छेड़छाड़ के 1,179 मामले दर्ज किए गए हैं।

राज्य में 2021 में छेड़छाड़ के 2,626 मामले, 2022 में 3,524, 2023 में 3,886 और 2024 में 4,467 मामले दर्ज किए गए थे।

मुख्यमंत्री ने अपने जवाब में आगे कहा कि इस साल जनवरी से मार्च के बीच अकेले बुलढाणा जिले में 17 हत्याएं और 43 बलात्कार के मामले सामने आए।

उन्होंने कहा कि अहिल्यानगर में पिछले तीन सालों में नाबालिग लड़कियों से बलात्कार और छेड़छाड़ की घटनाओं में वृद्धि हुई है।

जिले में बलात्कार के 137 और छेड़छाड़ के 167 मामले दर्ज किए गए हैं। वर्ष 2023 में बलात्कार और छेड़छाड़ के 153 मामले और 2024 में ऐसे 184 मामले दर्ज किए गए थे।

फडणवीस ने कहा कि सभी आयुक्तालयों में महिलाओं के लिए विशेष सहायता प्रकोष्ठ हैं तथा निर्भया और दामिनी दस्ते गठित किए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)