देश की खबरें | महा विकास आघाड़ी ने मुंबई में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक के लिए समितियां गठित कीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महा विकास आघाड़ी ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में होने वाली बैठक के विभिन्न पहलुओं की योजना बनाने के लिए कई समितियों का गठन किया है।
मुंबई, 25 अगस्त महा विकास आघाड़ी ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में होने वाली बैठक के विभिन्न पहलुओं की योजना बनाने के लिए कई समितियों का गठन किया है।
महाराष्ट्र के महा विकास आघाड़ी (एमवीए) में शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और राकांपा हैं।
सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि समितियां मीडिया, सोशल मीडिया, लोगों के ठहरने और परिवहन आदि का ध्यान रखेंगी। समिति में तीनों दलों से दो-दो नेता शामिल होंगे।
मीडिया और प्रचार की जिम्मेदारी कांग्रेस की होगी, जबकि परिवहन की जिम्मेदारी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) देखेगी।
उन्होंने बताया कि शिवसेना (यूबीटी) बैठक में शामिल होने वाले लोगों के ठहरने का इंतजाम करेगी। उन्होंने बताया कि ग्रैंड हयात होटल में 200 से ज्यादा कमरे बुक किए गए हैं। विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की दो दिन की बैठक इसी होटल में होनी है।
उन्होंने कहा कि प्रबंधन की देखरेख कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा, नसीम खान और वर्षा गायकवाड़ कर रहे हैं, जबकि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण आयोजन समिति के समग्र प्रभारी होंगे।
सूत्रों ने बताया कि एमवीए नेता 30 अगस्त को संवाददाता सम्मेलन करेंगे और ‘इंडिया’ की बैठक के बारे में विवरण साझा करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, छह गैर-भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री समेत 28 विपक्षी दलों के नेता 31 अगस्त और एक सितंबर को होने वाली इस बैठक में हिस्सा लेंगे।
विपक्षी दलों की पहली बैठक जून में पटना में हुई थी। दूसरी बैठक जुलाई के मध्य में बेंगलुरु में हुई थी। जहां इसके नाम ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस) की घोषणा की गई थी। गठबंधन की तीसरी बैठक अब मुंबई में होनी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)