एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मध्यप्रदेश: पुलिस के साथ मुठभेड़ में गिरोह का सरगना सहित दो बदमाश घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के भिंड जिले में शनिवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक गिरोह का सरगना और उसका साथी घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | मध्यप्रदेश: पुलिस के साथ मुठभेड़ में गिरोह का सरगना सहित दो बदमाश घायल

भिंड, पांच जुलाई मध्यप्रदेश के भिंड जिले में शनिवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक गिरोह का सरगना और उसका साथी घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

भिंड के पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव ने बताया कि पुष्पेंद्र पवैया और आशीष उचादिया एक कार में सवार होकर फरार होने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस ने ऐचया इलाके के जंगल में वाहन को रोक लिया।

यादव ने संवाददाताओं को बताया, “दोनों ने पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाईं। आत्मरक्षा में की गयी जवाबी गोलीबारी में पवैया और उचादिया के पैर में गोली लगी। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।”

पुलिस ने आरोपियों के दो अन्य साथियों भानुप्रताप पवैया और आकाश कडेरे को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया तथा कार को जब्त कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि गिरोह के सदस्य 30 जून को गोहद कस्बे में पेट्रोल पंप पर डकैती डालने और एक लाख रुपये लूटने के बाद राजस्थान भाग रहे थे।

उन्होंने बताया, “पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की और शुक्रवार रात संदिग्धों के स्थान के बारे में सूचना मिली। गोहद और अन्य थानों की एक संयुक्त टीम ने उन्हें रोका, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।”

पुष्पेंद्र पवैया कई डकैतियों में कथित रूप से मुख्य आरोपी है और उसके खिलाफ भिंड, मुरैना और ग्वालियर में 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 05, 2025 02:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).