देश की खबरें | मप्र : नकली नोट गिरोह के सरगना समेत पांच लोग गिरफ्तार, वीडियो देखकर सीखी जाली मुद्रा की छपाई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश पुलिस ने नकली नोट छापकर अलग-अलग राज्यों में इस्तेमाल करने वाले गिरोह के सरगना समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इंदौर, चार फरवरी मध्यप्रदेश पुलिस ने नकली नोट छापकर अलग-अलग राज्यों में इस्तेमाल करने वाले गिरोह के सरगना समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इंदौर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) आदित्य पटले ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह विर्क, मलकीत सिंह विर्क, महिपाल बेड़ा, अनुराग सिंह चौहान और मोहसिन खान के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया, “गिरोह का सरगना मनप्रीत सिंह विर्क नागपुर में रहता है। महाराष्ट्र के इस शहर में विर्क द्वारा किराए पर लिए गए एक फ्लैट में 200 और 500 रुपये के नकली नोट छापे जा रहे थे।”
पटले ने बताया कि इस फ्लैट से ‘ए-4’ आकार के कुछ कागजों पर छपे नकली नोट के साथ ही जाली मुद्रा तैयार किए जाने में इस्तेमाल उपकरण जब्त किए गए हैं, जिनमें विशेष स्याही, प्रिंटर और लेमिनेशन मशीन शामिल हैं।
उन्होंने शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि पुलिस की गिरफ्त में आया गिरोह 20 लाख रुपये से ज्यादा के नकली नोट छापकर इन्हें इंदौर, मुंबई और अन्य शहरों में इस्तेमाल करने के लिए भेज चुका है।
पटले के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का दावा है कि उन्होंने टेलीग्राम और यूट्यूब जैसे ऑनलाइन मंचों पर वीडियो देखकर नकली नोट छापना सीखा। अधिकारी ने बताया कि गिरोह के एक सदस्य को जनवरी में गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस इस गिरोह के खिलाफ विस्तृत जांच कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)