बुधनी, 24 अक्टूबर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी केंद्रीय कृषि मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गढ़ बुधनी सीट पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल करेगी।
पटवारी ने कहा कि जिस तरह से लोग कांग्रेस के राजकुमार पटेल के समर्थन में आगे आए हैं, उससे जीत निश्चित है। पटेल ने बृहस्पिवार को दिन में नामांकन पत्र दाखिल किया।
कांग्रेस नेता ने संवाददाताओं से कहा, "आज का दिन ऐतिहासिक है। बुधनी के लोग नामांकन रैली के दौरान जिस तरह से आगे आए हैं, उससे साफ पता चलता है कि उन्होंने कांग्रेस को यह सीट सौंपने का मन बना लिया है। लोगों ने 2023 में यह मानकर वोट दिया था कि चौहान मुख्यमंत्री होंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब वे कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेंगे।"
पटवारी ने कहा कि लोग भाजपा सरकार से तंग आ चुके हैं और महिलाओं और एससी/एसटी के खिलाफ अत्याचारों के साथ-साथ मादक पदार्थ, जमीन और शराब माफिया की गतिविधियों को खत्म करना चाहते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि चौहान खुद को "किसान पुत्र" कहते हैं, लेकिन दो दशक तक उनके मुख्यमंत्री रहने के दौरान किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।
पटवारी ने दावा किया, "2023 में भाजपा ने चावल के लिए 3100 रुपये प्रति क्विंटल और गेहूं के लिए 2700 रुपये और महिलाओं को 3000 रुपये प्रति माह देने का वादा किया था। हालांकि, सत्ता में आने के बाद भाजपा ने सभी को धोखा दिया है।"
नामांकन रैली को पूर्व मंत्री अजय सिंह, कांतिलाल भूरिया और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा समेत अन्य ने संबोधित किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY