देश की खबरें | मप्र: मुख्यमंत्री यादव कल 94,234 विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीद के लिए 25-25 हजार रुपये वितरित करेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार को राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत 94,234 विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देंगे।
भोपाल, तीन जुलाई मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार को राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत 94,234 विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देंगे।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में यह जानकारी देते हुए कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं को राशि का वितरण प्रतिभा का सम्मान है।
स्कूल शिक्षा विभाग की प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना में मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले हर विद्यार्थी को 25 हजार रुपये की राशि लैपटॉप खरीदने के लिये उनके बैंक खाते में अंतरित की जाती है।
यादव ने कहा कि इस वर्ष 94,234 विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिये 235 करोड़ 58 लाख 50 हजार रुपये की राशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवा फौज तैयार करना हमारा संकल्प है।’’
एक अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश के 500 से अधिक विद्यार्थी और शिक्षक सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम में राज्य के शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह भी मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2023-24 के दौरान 89, 710 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के बैंक खातों में 224 करोड़ 27 लाख 50 हजार रुपये की राशि अंतरित की गयी थी।
प्रदेश में यह योजना वर्ष 2009-10 से संचालित हो रही है। पिछले 15 वर्षों में इस योजना में 4,32,016 विद्यार्थियों के बैंक खातों में प्रोत्साहन स्वरूप 1080.04 करोड़ रुपये की राशि लैपटॉप की खरीदारी के लिये अंतरित की जा चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2025 05:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

