देश की खबरें | दिल्ली के उपराज्यपाल ने सेंट जेम्स चर्च के मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने शुक्रवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा कश्मीरी गेट इलाके में 187 साल पुराने सेंट जेम्स चर्च में किए जा रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया और इस धरोहर इमारत के मूल रूप को बहाल रखने का निर्देश दिया।

नयी दिल्ली, 27 मई दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने शुक्रवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा कश्मीरी गेट इलाके में 187 साल पुराने सेंट जेम्स चर्च में किए जा रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया और इस धरोहर इमारत के मूल रूप को बहाल रखने का निर्देश दिया।

उपराज्यपाल कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि सेंट जेम्स चर्च में मरम्मत कार्य लगभग छह महीने पहले शुरू किया गया था और इसके 30 जून तक पूरा होने की संभावना है। यह गिरजाघर स्किनर्स चर्च के नाम से भी जाना जाता है।

मरम्मत कार्य का जायजा लेते हुए सक्सेना ने अधिकारियों को कड़ाई से यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत कार्य के दौरान इस धरोहर इमारत का मूल स्वरूप बरकरार रहे।

बयान के अनुसार, आजादी से पहले यह गिरजाघर दिल्ली में भारत के वाइसरॉय का आधिकारिक चर्च माना जाता था।

उपराज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि सेंट जेम्स चर्च और उसके आसपास के क्षेत्र को इस तरह से विकसित किया जाए कि जब यह फिर से उपयोग में आने लगे, तब शहर का एक महत्वपूर्ण स्थल बनकर उभरे।

बयान के मुताबिक, उपराज्यपाल का पदभार संभालने के बाद से ही सक्सेना शहर में धरोहर भवनों के संरक्षण पर जोर दे रहे हैं।

इसमें कहा गया है कि पिछले एक साल में उन्होंने गोल मार्केट, अनंग ताल बावली, निजामुद्दीन बस्ती, महारौली पुरातत्व उद्यान आदि धरोहर स्थलों का मरम्मत कार्य शुरू करवाया है और उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\